प्रतिरोधकर्ताओं पर हमला, ईरान की कड़ी प्रतिक्रिया
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सीरियाई शहर दैरिज़्ज़ूर में नागरिक लक्ष्यों पर अमेरिकी सेना के आतंकी हमले की निंदा की।
शुक्रवार की सुबह अमेरिकी हमलावर सैनिकों ने दैरिज़्ज़ूर के अनाज भंडार और हराबश क्षेत्र में स्थित ग्रामीण विकास केंद्र पर हमला किया, जिससे इस जगह आग लग गई और काफ़ी नुकसान हुआ।
शुक्रवार की शाम को इस हमले के जवाब में प्रतिरोध बलों ने सीरिया में अमेरिकी आतंकवादियों के 25 अवैध ठिकानों में से दो को 60 रॉकेटों, मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनआनी ने कहा कि अमेरिका की अवैध सैन्य उपस्थिति, सीरियाई क्षेत्र के कुछ हिस्सों पर क़ब्ज़ा और इस देश में विभिन्न लक्ष्यों पर हमले जारी रहना, अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों और इस देश की क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय संप्रभुता का उल्लंघन है।
उन्होंने ज़ायोनी शासन की अस्थिर करने वाली कार्रवाइयों और इस जाली शासन के साथ सांठगांठ में अमेरिका की चुप्पी का उल्लेख करते हुए कहा कि दाइश से लड़ने के लिए सीरिया में होने का अमेरिका का दावा, जिसने खुद इसके गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, क़ब्ज़े को जारी रखने, सीरिया की राष्ट्रीय संपत्ति और इस देश की ऊर्जा और अनाजों के स्रोतों की लूटपाट का एक बहाना है।
उन्होंने ईरान के खिलाफ अमेरिकी राजनीतिक और सैन्य अधिकारियों के आरोपों को भी खारिज किया और कहा कि अमेरिकी अधिकारी हमेशा आधारहीन और अप्रमाणित आरोप लगाते हैं और उनके आधार पर ही निर्णय लेते हैं लेकिन वाइट हाउस को पता होना चाहिए कि यह तरीका अप्रचलित है।
कनआनी ने कहा कि यह कभी नहीं भुलाया जाएगा कि जनरल सुलैमानी और ईरानी आतंकवाद निरोधक सलाहकारों ने सीरिया के सशस्त्र बलों और सीरियाई राष्ट्र के साथ मिलकर आतंकवाद से लड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अब ईरान के सैन्य सलाहकार, सीरिया सरकार के के अनुरोध पर सीरियाई राष्ट्र की मदद करने के उद्देश्य से देश आतंकवाद से लड़ने के लिए सीरिया में मौजूद हैं और इस देश में शांति, स्थिरता और स्थायी सुरक्षा स्थापित करने में मदद कर रहे हैं। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए