ईरान सहित पूरी दुनिया में विश्व क़ुद्स दिवस की रैलियां+वीडियो
ईरान सहित दुनिया के बहुत से राष्ट्रों ने विश्व क़ुद्स दिवस की रैलियां निकाल कर बैतुल मुक़द्दस का समर्थन किया और फ़िलिस्तीन की पीड़ित जनता के प्रति एकता दर्शायी।
इस बार ईरान के 900 से अधिक शहरों में विश्व क़ुद्स दिवस की रैलियां निकाली गयीं जबकि लंदन और टोरंटो सहित दुनिया के 800 शहरों में विश्व क़ुद्स दिवस की रैलियों के निकलने का समाचार प्राप्त हुआ है।
ईरानी राष्ट्र ने देश में विश्व क़ुद्स दिवस की रैलियों में भव्य रूप से भाग लेकर एक बार फिर विश्व साम्राज्य और ज़ायोनियों के ख़िलाफ़ संघर्ष में फ़िलिस्तीनियों का साथ देने का एलान किया।
पूरी दुनिया में पवित्र रमज़ान का आख़िरी शुक्रवार विश्व क़ुद्स दिवस के रूप में मनाया जाता है। पिछले वर्षों की तरह इस साल की रैलियों में भी ईरानी जनता ने "अमरीका मुर्दाबाद" और "इस्राईल मुर्दाबाद" ख़ास तौर पर तकफ़ीरी दाइशियों के ख़िलाफ़ नारे लगाए।
आज की रैली में ईरानी जनता के साथ साथ देश के बड़े बड़े प्रशासनिक और सैन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया और फ़िलिस्तीन की पीड़ित जनता के समर्थन में नारे लगाए तथा अतिग्रहणकारी ज़ायोनी शासन के अपराधों की भर्त्सना की।
ईरान में विश्व क़ुद्स की रैलियों को देश-विदेश के लगभग 600 पत्रकारों ने कवरेज किया।
इस बीच रिपोर्ट के अनुसार, बहरैन के विभिन्न इलाक़ों, सीरिया की राजधानी दमिश्क़, राजधानी बग़दाद सहित इराक़ के कई शहरों, जॉर्डन की राजधानी अम्मान, भारत की राजधानी दिल्ली सहित अनेक छोटे बड़े शहरों, जम्मू कश्मीर, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद सहित अनेक शहरों, मलेशिया के कुआलालंपूर शहर, राजधानी काबुल सहित अफ़ग़ानिस्तान के कई शहरों, रूस की राजधानी मॉस्को और अफ़्रीक़ी देश तन्ज़ानिया की राजधानी दारुस्सलाम तथा केन्या की राजधानी नैरोबी में विश्व क़ुद्स दिवस की रैली आयोजित हुयीं।
इस अवसर पर हज़ारों की संख्या में फ़िलिस्तीनियों ने मुसलमानों के पहले क़िब्ले बैतुल मुक़द्दस के अंदर जाने का प्रयास किया लेकिन ज़ायोनी सैनिकों ने फ़िलिस्तीनियों को वहां पर जाने से रोकने के लिए सुरक्षा के बहुत कड़े और अभूतपूर्व प्रबंध किये थे।
विश्व कुद्स दिवस की एक विशेषता यह है कि समय बीतने के साथ- साथ कुद्स का विषय अधिक ज़ोर पकड़ता जा रहा है इस प्रकार से कि इस समय वह विश्व की एक प्रभावी अंतरराष्ट्रीय घटना में परिवर्तित हो गया है।
विश्व कुद्स दिवस के अवसर पर होने वाली रैलियां वास्तव में पश्चिमी शक्तियों विशेषकर फ़िलिस्तीन के बारे में अमेरिकी नीतियों के प्रति आम जनमत की प्रतिक्रिया ।
उल्लेखनीय है कि फ़िलिस्तीनियों से एकजुटता के उद्देश्य से इस्लामी गणतंत्र ईरान के संस्थापक स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी ने पवित्र रमज़ान के अन्तिम शुक्रवार को विश्व क़ुद्स दिवस के रूप में घोषित किया है। प्रतिवर्ष इस दिन पूरे संसार में फ़िलिस्तीनियों के समर्थन में कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए