200 से अधिक ड्रोन ईरान की सशस्त्र सेना में शामिल
ईरान के प्रतिरक्षामंत्री और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में 200 से अधिक ड्रोन विमानों को सेना में शामिल कर दिया गया।
समाचार एजेन्सी ईरान प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार ईरान के कुछ क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किये गये जिसमें इस बात का एलान किया गया कि 200 से अधिक ड्रोन विमानों को सेना के हवाले कर दिया गया है।
इस संबंध में आयोजित कार्यक्रम में अमीर मेजर जनरल सैयद अब्दुर्रहीम मूसवी, ईरान के प्रतिरक्षामंत्री मोहम्मद रज़ा कराई आश्तियानी और कई दूसरे वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
इसी प्रकार इस कार्यक्रम में ईरान की संसद मजलिसे शुराये इस्लामी में विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख वहीद जलाल ज़ादे भी मौजूद थे। इस कार्यक्रम में स्ट्रैटेजिक ड्रोन अबाबील 4, 5, आर्श, जेट कर्रार, दहुम शहरीवर और अखगर जैसे ड्रोनों को सेना में शामिल किया गया।
ईरान के प्रतिरक्षामंत्री ने कहा कि ड्रोनों में विस्तार व विकास का कार्यक्रम पूरी शक्ति के साथ जारी है। प्रतिरक्षामंत्री मोहम्मद रज़ा क़राई आश्तियानी ने कहा कि रणक्षेत्र में ड्रोन विमानों की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है और पिछले कई वर्षों से ड्रोन विमानों के संबंध में काम किये जा रहे हैं और इस काम का नतीजा यह निकला है कि आज विभिन्न प्रकार के ड्रोनों का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ड्रोनों में आधुनिकतम तकनीक व संसाधनों व उपकरणों का प्रयोग किया जा रहा है और निश्चित रूप से इसका असर भी अधिक है। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए
हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!