ईरान और रूस संयुक्त रूप से उपग्रह लॉंच करेंगे
तेहरान यूनिवर्सिटी के प्रमुख का कहना है कि उनकी यूनिवर्सिटी, मास्को की एयरोस्पेस यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर एक संयुक्त वैज्ञानिक-अनुसंधान उपग्रह का निर्माण करेगी।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, सोमवार को तेहरान यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर सैयद मोहम्मद मुक़ीमी ने ईरान और रूस की यूनिवर्सिटियों के प्रमुखों की मुलाक़ात का उल्लेख करते हुए कहाः इस बैठक में संयुक्त वैज्ञानिक-अनुसंधान उपग्रह के निर्माण पर सहमति बनी है।
प्रोफ़ेसर मुक़ीमी का कहना था कि इस संयुक्त प्रोजेक्ट पर अगले दो हफ़्तों के दौरान काम शुरू हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि दोनों यूनिवर्सिटियों के वैज्ञानिक संयुक्त रूप से इस उपग्रह का निर्माण करेंगे और उसके बाद संयुक्त रूप से उसे अंतरिक्ष में लॉंच भी करेंगे।
तेहरान यूनिवर्सिटी के प्रमुख का कहना था कि मास्को यूनिवर्सिटी के प्रमुख के साथ उनकी मुलाक़ात में छात्रों और विशेषज्ञों के आदान प्रदान पर भी सहमति बनी है।
ग़ौरतलब है कि पिछले गुरुवार और शुक्रवार को मास्को में एक बैठक का आयोजन हुआ था, जिसमें ईरान और रूस की मुख्य यूनिवर्सिटियों के प्रमुखों ने भाग लिया था। msm