सऊदी विदेश मंत्री तेहरान पहुंचे
सात साल के बाद ईरान और सऊदी अरब के बीच कूटनीतिक संबंधों की बहाली के बाद पहली बार सऊदी विदेश मंत्री प्रिंस फ़ैसल बिन फ़रहान तेहरान की यात्रा पर पहुंचे हैं।
रविवार को ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने तेहरान में प्रिंस फ़रहान का स्वागत किया।
दोनों देशों के विदेश मंत्री महत्वपूर्ण द्विपक्षीय और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विचार विमर्श के बाद एक संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस को भी संबोधित करेंगे।
सऊदी विदेश मंत्री अपनी तेहरान यात्रा के दौरान, ईरानी राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाक़ात करेंगे।
10 मार्च 2023 को ईरान और सऊदी अरब ने बीजिंग में कूटनीतिक रिश्तों की बहाली के समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
समझौते पर हस्ताक्षर के बाद, एक संयुक्त बयान जारी करके दोनों देशों ने एक दूसरे की राष्ट्रीय संप्रभुता का सम्मान करने और एक दूसरे के आंतरिक मामलों में दख़ल देने से बचने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया था।
दोनों देशों ने अप्रैल 2001 में हुए सुरक्षा सहयोग समझौते को लागू करने पर भी सहमति जताई थी।
कुछ सूत्रों का कहना है कि प्रिंस फ़ैसल बिन फ़रहान अपनी तेहरान यात्रा के दौरान, तेहरान स्थित सऊदी दूतावास को फिर से खोले जाने के अवसर पर आयोजित एक समारोह में भी भाग लेंगे। msm