ईरान ने इराक़ से सुरक्षा समझौता लागू करने पर दिया बल
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i128160-ईरान_ने_इराक़_से_सुरक्षा_समझौता_लागू_करने_पर_दिया_बल
शत्रुओं और आतंकवादियों की सीमा पर उपस्थिति को समाप्त करने के लिए ईरान और इराक़ में एक समझौता हो चुका है।
(last modified 2023-09-13T08:51:53+00:00 )
Sep १३, २०२३ १४:२१ Asia/Kolkata

शत्रुओं और आतंकवादियों की सीमा पर उपस्थिति को समाप्त करने के लिए ईरान और इराक़ में एक समझौता हो चुका है।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने तेहरान में इराक़ के कुर्दिस्तान की पैट्रिओटिक यूनियन के प्रमुख से मुलाक़ात की।  यह मुलाक़ात 11 सितंबर को हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान और बाफेल तालेबानी के बीच तेहरान में हुई।  इसी बीच इराक़ में ईरान के राजदूत मुहम्मद काज़िम आले सादिक़ ने इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र की यात्रा में वहां के प्रधानमंत्री मसरूर बारेज़ानी और वहां के प्रमुख नचीरवान बारेज़ानी से भेंट की।

इराक़ में स्थित कुर्दिस्तान का एक भाग ईरान की सीमा से मिलता है।  ईरान से मिलने वाली इराक़ के कुर्दिस्तान की सीमा पर कभी भी दोनो पक्षों की ओर से कोई तनाव नहीं हुआ किंतु इराक़ के कुर्दिस्तान की भौगोलिक परिस्थति के कारण आतंकवादी और इस्लामी गणतंत्र ईरान के विरोधी इस क्षेत्र का दुरूपयोग करते रहे हैं। 

इसी बात के कारण ईरान की सरकार ने बग़दाद सरकार और इराक़ी कुर्दिस्तान की स्थानीय सरकार से आपत्ति जताई है।  यही वजह है कि ईरान की सशस्त्र सेना ने कई बार इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र में आतंवादियों के अड्डों और इस्लामी गणतंत्र ईरान के शत्रुओं के अड्डों पर हमले किये हैं। 

इसी संदर्भ में ईरान के विदेशमंत्री ने बाफेल तालेबानी के साथ भेंटवार्ता में कहा कि हम एक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर इराक़ के इच्छुक हैं किंतु इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र में आतंकवादियों की उपस्थति और ईरान की शांति एवं सुरक्षा के विरुद्ध उनकी कार्यवाहियां, इराक़ के संविधान से विरोधाभास रखते हैं।  यह बातें मैत्रीपूर्ण संबन्धों के भी विरुद्ध हैं। 

दूसरी ओर ईरान में पिछले साल होने वाले उपद्रव के दौरान आतंकवादियों और इस्लामी शासन व्यवस्था के शत्रुओं ने ईरान के भीतर अशांति उत्पन्न करने के लिए इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र का प्रयोग किया था।  इधर इस्लामी गणतंत्र ईरान भी इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र में आतंकवादियों और शत्रुओं से संबन्धित विषय के समाधान के लिए अपनी दृढ इच्छाशक्ति कर चुका है।

इसी बीच ईरान और इराक़ के अधिकारियों के बीच होने वाली मुलाक़ातों में दोनो पक्षों ने एक सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर करते हुए इस क्षेत्र से शत्रुओं और आतंकवादियों की उपस्थिति को समाप्त करने के लिए समय सीमा का निर्धारण किया है।  विदेशमंत्री अमीर अब्दुल्लाहियान की हालिया मुलाक़ात में इस सुरक्षा समझौते को लागू किये जाने के बारे में फिर बल दिया गया। 

उधर ईरान के राजदूत की यात्रा के दौरान इराक़ के कुर्दिस्तान के प्रमुख ने कहा कि ईरान के साथ हम संबन्धों को बहुत महत्व देते हैं।  नैचेरवान का कहना था कि हम इस सुरक्षा समझौते के प्रति कटिबद्ध हैं।  उनका कहना था कि हम किसी भी स्थति में अपने क्षेत्र से ईरान के लिए किसी भी प्रकार की सुरक्षा चुनौती को नहीं होने देंगे।

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें