ज़ायोनी शासन को दंडित करवाने के लिए कोशिशें जारी रखेंगेःईरान
विदेश मंत्री कहते हैं कि ग़ज़्ज़ा के अपराधों के कारण ज़ायोनियों को दंडित कराने के लिए ईरान अपने प्रयासों को जारी रखेगा।
हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने शनिवार को लेबनान की राजधानी बेरूत में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अवैध ज़ायोनी शासन, ग़ज़्ज़ा में फ़िलिस्तीनियों के विरुद्ध जो अपराध कर रहा है उसके लिए उसको सज़ा दिलवाने के लिए इस्लामी गणतंत्र ईरान, इस्लामी और ग़ैर इस्लामी देशों के साथ सहयोग कर रहा है।
उन्होंने दक्षिणी अफ्रीका की ओर से अन्तर्राष्ट्रीय न्यायालय में ज़ायोनी शासन की शिकायत का समर्थन करते हुए कहा कि इस बारे में तेहरान अपने भी प्रयासों को जारी रखेगा। ईरान के विदेशमंत्री अब्दुल्लाहियान ने लेबनान के विदेशमंत्री बूहबीब के साथ भेंट में कहा कि ईरान, क्षेत्र में युद्ध के विस्तार का विरोधी है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत क्षेत्र में युद्ध के विस्तार को अवैध ज़ायोनी अपने हित में समझता है क्योंकि उसके बाक़ी रहने के लिए ज़रूरी है।
ईरान के विदेशमंत्री का कहना है कि युद्ध के विस्तार का विरोध करने के बावजूद संयुक्त राज्य अमरीका, पूरी तरह से अवैध ज़ायोनी शासन का समर्थन कर रहा है। अमीर अब्दुल्लाहियान कहते हैं कि अगर अमरीका वास्तव में क्षेत्र में शांति का इच्छुक है तो उसको ग़ज़्ज़ा युद्ध रुकवाना चाहिए। उसको ज़ायोनी शासन के समर्थन को एक किनारे डालना होगा।
विदेशमंत्री अब्दुल्लाहियान ने अमरीका के डबल स्टैंडर्ड का उल्लेख करते हुए कहा कि वाशिग्टन एक ही समय में एक ओर तो युद्ध के कूटनीतिक समाधान पर बल दे रहा है तो दूसरी ओर ज़ायोनी शासन को हथियारों की सप्लाई कर रहा है।