इमाम ख़ुमैनी इस्लामी दुनिया की महान हस्ती थे: आयतुल्लाह तसख़ीरी
ईरान के वरिष्ठ नेता के सलाहकार आयतुल्लाह तसख़ीरी ने ईरान की इस्लामी क्रांति के संस्थापक इमाम ख़ुमैनी रहमतुल्लाह अलैह को इस्लामी दुनिया की महान हस्ती बताया है।
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सय्यद अली ख़ामेनई के इस्लामी मामलों के सलाहकार आयतुल्ला मोहम्मद अली तसख़ीरी ने कहा कि इमाम ख़ुमैनी रहमतुल्लाह अलैह इस्लामी दुनिया के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति थे जिन्होंने पूरी दुनिया पर अपना गहरा प्रभाव डाला है।
आयतुल्लाह तसख़ीरी ने गुरुवार को इमाम ख़ुमैनी और इस्लामी जगत के नाम से आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन, जिसमें दुनिया के विभिन्न देशों के बुद्धिजीवियों, धर्मगुरूओं और विशिष्ठ मेहमानों ने भाग लिया, को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान की इस्लामी क्रांति, इमाम ख़ुमैनी (रह) का चमत्कार थी और उन्होंने इस क्रांति के माध्यम से इस्लाम के मानने और चाहने वालों के दिलों पर राज किया है।
आयतुल्लाह तसख़ीरी ने कहा कि इमाम ख़ुमैनी (रह) में बहुत अधिक विशेषतांए थीं। उन्होंने कहा कि इमाम ख़ुमैनी एक महान दार्शनिक तथा इस्लाम के अभूतपूर्व विचारक थे। वरिष्ठ नेता के सलाहकार ने कहा कि इमाम ख़ुमैनी (रह) ने अपनी असाधारण दूरदर्शिता की बदौलत आने वाली पीढ़ियों के लिए आश्चर्यजनक व सकारात्मक प्रभाव छोड़े हैं।
उल्लेखनीय है कि 3 जून शुक्रवार के दिन ईरान के इस्लामी क्रांति के संस्थापक इमाम ख़ुमैनी (रह) की सत्ताईसवीं बरसी मनाई जा रही है। इस अवसर पर पूरा ईरान शोक में डूबा हुआ है और देश के सभी छोटे-बड़े शहरों में शोक सभाओं, सम्मेलनों और सेमिनारों का आयोजन किया जा रहा है।
इमाम ख़ुमैनी (रह) की बरसी के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों में मुख्य कार्यक्रम तेहरान में इमाम ख़ुमैनी (रह) के मज़ार पर होगा जिसमें दसियों लाख श्रद्धालु के साथ-साथ ईरान के उच्च नागरिक और सैन्य नेतृत्व और अन्य अधिकारी भी भाग लेंगे। बरसी के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु ईरान के विभिन्न शहरों से सैकड़ों किलोमीटर का रास्ता पैदल तय करके तेहरान पहुंचते हैं। (RZ)