अल्लाह जनता को बेहतरीन उम्मीदवार के चयन की तौफ़ीक़ दे: सुप्रीम लीडर
-
अल्लाह जनता को बेहतरीन उम्मीदवार के चयन की तौफ़ीक़ दे: सुप्रीम लीडर
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई ने बुधवार 3 जुलाई 2024 की सुबह मदरसे आली शहीद मुतह्हरी के अधिकारियों और टीचरों से तेहरान में मुलाक़ात में, चुनाव के दूसरे राउंड के बारे में एक संक्षिप्त बयान में बल दिया कि यह इलेक्शन बहुत अहम है और जो भी इस्लाम, इस्लामी गणराज्य, देश की तरक़्क़ी, देश के हालात में बेहतरी और कमियों के अंत को पसंद करता है, वह शुक्रवार के दिन चुनाव में हिस्सा लेकर अपनी चाहत को ज़ाहिर करे।
उन्होंने पहले चरण के इलेक्शन में लोगों की भागीदारी को अपेक्षा और अंदाज़ों से कम बताया और कहा कि इस मामले के पीछे कुछ वजहें हैं जिसकी राजनीतिज्ञ और समाज शास्त्री समीक्षा करेंगे।
सुप्रीम लीडर ने कुछ लोगों के इस ख़याल को कि जिसने पहले चरण में वोट नहीं दिया है वो इस्लामी सिस्टम का विरोधी है, सौ प्रतिशत ग़लत बताया और कहा कि संभव है कि कुछ लोगों को कुछ अधिकारी या ख़ुद इस्लामी सिस्टम अच्छा न लगता हो, जैसा कि वो खुलकर ये बातें कहते भी हैं लेकिन यह सोच पूरी तरह ग़लत है कि जिसने भी वोट नहीं दिया है वो इस तरह के लोगों और इस तरह की सोच से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि बहुत से लोगों ने मुश्किलों, काम और परेशानियों या कुछ दूसरी वजहों से इलेक्शन में हिस्सा न लिया और इंशाअल्लाह दूसरे राउंड में पोलिंग स्टेशनों पर लोगों का आना, उत्साहजनक और इस्लामी सिस्टम के लिए इज़्ज़त का कारण बनेगा।
आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई ने जनता की भागीदारी को इस्लामी सिस्टम का सहारा और उसकी प्रतिष्ठा व इज़्ज़त का कारण क़रार दिया और कहा कि इलेक्शन में लोगों की शिरकत जितनी बेहतर और जितनी स्पष्ट होगी, उतना ही सिस्टम को देश के अंदर अपने लक्ष्य को हासिल करने और मुल्क की स्ट्रैटेजी के परिप्रेक्ष्य में दूसरे लक्ष्य हासिल करने के लिए ज़्यादा ताक़त हासिल होगी और यह चीज़ एक बहुत बड़ा मौक़ा है।
उन्होंने उम्मीद जतायी कि अल्लाह जनता को बेहतरीन उम्मीदवार के चयन की तौफ़ीक़ दे ताकि चुना हुआ उम्मीदवार सिस्टम और राष्ट्र के लक्ष्य को हासिल कर सके।
इस्लामी इंक़ेलाब के नेता ने इस मुलाक़ात के आग़ाज़ में मदरसे आली शहीद मुतह्हरी के बदलाव लाने वाले प्रोग्रामों को ज़रूरी व सही क़दम बताया और कहा कि प्रोग्राम उसूलों व बुनियादों पर आंच आए बिना, वक़्त की ज़रूरत के मुताबिक़ बदलते रहना चाहिए क्योंकि उच्च धार्मिक शिक्षा केन्द्रों को हक़ीक़त में नए प्रोग्रामों की ज़रूरत है।
इस्लामी गणतंत्र ईरान में 14वें राष्ट्रपति पद के चुनाव का मतदान शुक्रवार 28 जूनको आयोजित किया गया था जिसके लिए पूरे देश में 59 हज़ार मतदान केन्द्र बनाए गये थे जबकि दुनिया के 95 देशों में विदेशों में रहने वाले ईरानियों के लिए मतदान का प्रबंध किया गया था।
पहले चरण में इस प्रकार ईरान के राष्ट्रपति उम्मीदवारों में से किसी भी उम्मीदवार को 50+1 प्रतिशत वोट हासिल नहीं हुआ और ईरान में राष्ट्रपति पद के लिए दूसरी बार मतदान होगा और इस बार मसऊद पिज़िश्कियान और सईद जलीली के बीच मुक़ाबला होगा। पहले चरण में मसऊद पिज़िश्कियान के पक्ष में एक करोड़ 4 लाख 15 हज़ार 991 वोट पड़े थे जबकि सईद जलीली को 94 लाख 73 हज़ार 298 लोगों ने अपने वोट दिए थे।
दूसरे चरण का मतदान 5 जुलाई को आयोजित होगा।
कीवर्ड्ज़: सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह ख़ामेनेई, दूसरे चरण का राष्ट्रपति चुनाव, 14वां राष्ट्रपति चुनाव, नवां राष्ट्रपति, मसऊद पिज़िश्कियान, सईद जलीली। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए