डॉलर को किनारे लगाने के लिए ईरान और रूस का स्मार्ट फ़ैसला
सेंट्रल बैंक ऑफ़ ईरान के गवर्नर जनरल ने ईरान और रूस के बीच व्यापार के लिए पहले द्विपक्षीय मौद्रिक समझौते पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की है।
अंतर्राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था पर एकाधिकार जमाने के लिए अमरीका का मुख्य हथियार, उसकी राष्ट्रीय मुद्रा डॉलर है। अमरीका डॉलर का इस्तेमामल अपने विरोधी देशों के ख़िलाफ़ करता रहा है, जिसे आर्थिक युद्ध का नाम दिया जाता है।
इसीलिए, ईरान, रूस और चीन जैसे देश विभिन्न नीतियों और तरीक़ों का उपयोग करके डॉलर के दबाव से छुटकारा पाने की कोशिश कर रहे हैं। पार्सटुडे की रिपोर्ट के अनुसार, सेंट्रल बैंक ऑफ़ ईरान के गवर्नर मोहम्मद रज़ा फ़रज़ीन का कहना है कि सेंट पीटर्सबर्ग में सेंट्रल बैंक ऑफ़ रूस के गवर्नर के साथ बैठक में, राष्ट्रीय मुद्राओं में वाणिज्यिक लेनदेन के लिए द्विपक्षीय मौद्रिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
फ़रज़ीन ने बताया कि जल्द ही ईरानी गोल्ड एंड करेंसी एक्सचेंज सेंटर में ऑफ़शोर रियाल के बुनियादी ढांचे के उद्घाटन के साथ, आवश्यक दिशा-निर्देश बैंकिंग नेटवर्क और व्यापारियों के लिए जारी किए जाएंगे।
सेंट्रल बैंक ऑफ़ ईरान के गवर्नर का कहना था कि मौद्रिक समझौते के तहत, व्यापारिक लेन-देन रियाल और रूबल में होगा, जिसके बाद किसी अन्य मुद्रा का उपयोग करने की कोई ज़रूरत नहीं रह जाएगी। इससे वाणिज्यिक आदान-प्रदान में उछाल आएगा और मुद्रा रूपांतरण के कारण होने वाले कई जोखिमों से बचा जा सकेगा। यह समझौता ईरानी व्यापारियों और रूसी निवेशकों के लिए बहुत अनुकूल है।
ईरान और रूस के बीच मौद्रिक और बैंकिंग संबंधों का ज़िक्र करते हुए फ़रज़ीन ने कहाः दोनों पक्षों के विशेषज्ञ प्रतिनिधिमंडल की द्विपक्षीय बैठक में रूसी मीर कार्ड भुगतान नेटवर्क को ईरान के शेताब नेटवर्क से जोड़ने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है, जिसका पहला चरण इस महीने के अंत तक पूरा हो जाएगा। यह अगले महीने की शुरूआत तक ईरानी नागरिकों के लिए उपलब्ध होगा।
फ़रज़ीन का कहना था कि ईरान के शेताब नेटवर्क बैंक कार्ड, मोबाइल स्मार्ट कार्ड कोहरबा योजना के रूप में रूस के सभी एटीएम में उपयोग करने योग्य होंगे, और ईरानी नागरिक रूसी एटीएम से रूबल नोट प्राप्त कर सकेंगे।
सेंट्रल बैंक ऑफ़ ईरान के गवर्नर ने यह कहा कि इस कनेक्शन का दूसरा चरण, ईरान में रूसी नागरिकों के लाभ के लिए होगा, और तीसरे चरण में ईरान के शेताब कार्ड का उपयोग रूसी मार्केट में किया जा सकेगा। msm