सांसदों से वरिष्ठ नेता की मुलाक़ात
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई ने प्रतिरोधक अर्थव्यवस्था, क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय तथा आंतरिक नीतियों व संस्कृति को आगे बढ़ाने को ईरानी संसद की प्राथमिकता बताया है।
ईरान की दसवीं संसद के सदस्यों ने संसद सभापति के साथ रविवार को वरिष्ठ नेता से मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात में उन्होंने संसद के स्थान व संप्रभुता की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। वरिष्ठ नेता ने कहा कि संसद को चाहिए कि वह देश में शांति की भूमिका प्रशस्त करने के साथ क्रांतिकारी क़ानून बनाने की कार्यवाही करे। उन्होंने कहा कि संसद को चाहिए कि वह अमरीका की शत्रुतापूर्ण नीतियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करे और साम्राज्यवादी नीतियों के सामने डट जाए।
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता ने कहा कि मजलिसे शूराए इस्लामी के सांसद, प्रतिरोधक अर्थव्यवस्था के व्यवहारिक होने में बहुत प्रभावी हैं क्योंकि वे, सरकार की आर्थिक कार्यवाहियों को प्रतिरोध अर्थव्यवस्था के मार्ग पर ला सकते हैं और इसी प्रकार सरकार से इस विषय की मांग कर सकते हैं।
वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई ने ईरान के साथ अमरीकी कांग्रेस और सरकार के शत्रुतापूर्ण व्यवहार की ओर संकेत करते हुए कहा कि शत्रुओं के दुस्साहस के मुक़ाबले में तैयार रहना चाहिए और उनका मुंह तोड़ उत्तर देना चाहिए। आयतुल्लाह ख़ामेनेई ने कहा कि दुशमन, राजनैतिक मंच पर प्रतिक्रियाओं के आधार पर समीक्षाएं करते हैं और जब वे यह आभास करते हैं कि सामने वाला पक्ष पीछे हट जाएगा तो वह पीछे नहीं हटते और विस्तारवादी नीतियों पर आगे बढ़ने लगते हैं।
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता ने क्षेत्र में दुश्मन की योजनाओं का विवरण देते हुए बल दिया कि दुश्मन ने क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण और पश्चिमी एशिया के लिए निर्धारित योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के व्यवहारिक होने के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा को वे विफल बनाने के प्रयास कर रहे हैं।
आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई ने कहा कि पश्चिमी एशिया में इस्लाम और मुसलमनों की उपस्थिति, बड़े-बड़े तेल स्रोत, अन्तर्राष्ट्रीय जलमार्ग और ज़ायोनी शासन की उपस्थिति ने इस क्षेत्र को शत्रुओं के लिए महत्वपूर्ण बना दिया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लिए उनकी योजना वही है जिसे उन्होंने कुछ वर्षों पूर्व वृहत्तर मध्यूपर्व का नाम दिया था।
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई ने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान के कारण फ़िलिस्तीन, लेबनान, सीरिया और इराक़ सहित क्षेत्र में अमरीकी योजना के व्यावहारिक नहीं हो सकी। उन्होंने बल देकर कहा कि वर्चस्ववादियों की नीतियों के मुक़ाबले में प्रतिरोध करते हुए उनकी वास्तविकता को उजागर करना चाहिए।
(AK)