ईरान से अमरीका की दुश्मनी चरम पर है, सादिक़ लारीजानी
ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख ने कहा है कि जेसीपीओए के बाद अमरीका की ईरान से दुश्मनी बढ़ गयी है।
संवाददाता के अनुसार, आयतुल्लाह सादिक़ आमुली लारीजानी ने सोमवार को न्यायपालिका के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक में, जेसीपीओए के बाद अमरीका के व्यवहार में आए बदलाव को ईरान से उसकी दुश्मनी का चरम बताया। उन्होंने कहा कि अमरीकी सोच रहे थे कि जेसीपीओए के बाद इस्लामी गणतंत्र ईरान झुक जाएगा और क्रान्तिकारी मूल्यों से हाथ खींच लेगा किन्तु उनके हाथ निराशा लगी यही कारण है कि उसने अपना पुराना दावा फिर से दोहराना शुरु किया।
आयतुल्लाह सादिक़ लारीजानी ने अमरीकी विदेश मंत्रालय की हालिया रिपोर्ट का उल्लेख किया जिसमें ईरान का नाम आतंकवाद के 100 समर्थक देशों में सबसे ऊपर रखा गया है। उन्होंने दुनिया में अमरीका के आतंकवादी कृत्यों व अपराधों और इसी प्रकार दाइश, तकफ़ीरी व आतंकवादी गुटों एवं ज़ायोनी शासन को अमरीकी समर्थन की व्याख्या करते हुए कहा कि अमरीका ही क्षेत्र में आतंकवाद का सबसे बड़ा समर्थक है।
ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख ने कहा कि अमरीका, यमन में आले सऊद शासन और फ़िलिस्तीन में ज़ायोनी शासन के अपराधों का समर्थन करता है। (MAQ/N)