क्षेत्रीय समस्याएं, क्षेत्रीय देशों के सहयोग से हल की जाएं
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i14038-क्षेत्रीय_समस्याएं_क्षेत्रीय_देशों_के_सहयोग_से_हल_की_जाएं
क़तर नरेश ने ईरान के राष्ट्रपति से टेलीफ़ोनी संपर्क में द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मामलों में दोनों देशों के सहयोग में विस्तार के बारे में बात की है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Jun ०८, २०१६ २२:५५ Asia/Kolkata
  • क्षेत्रीय समस्याएं, क्षेत्रीय देशों के सहयोग से हल की जाएं

क़तर नरेश ने ईरान के राष्ट्रपति से टेलीफ़ोनी संपर्क में द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मामलों में दोनों देशों के सहयोग में विस्तार के बारे में बात की है।

शैख़ तमीम बिन हमद आले सानी से टेलीफ़ोन पर बात करते हुए डाॅक्टर हसन रूहानी ने, एक पड़ोसी देश के रूप में क़तर के साथ इस्लामी गणतंत्र ईरान के संबंधों को भाईचारे पर आधारित बताया और कहा कि तेहरान, दोहा के साथ सहयोग में विस्तार का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संयुक्त हित व लक्ष्य हैं और वे आपसी सहयोग और निकट परामर्श से, क्षेत्र के विकास व स्थिरता पर आधारित इन लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। राष्ट्रपति रूहानी ने इस बात पर बल देते हुए कि क्षेत्रीय समस्याओं को क्षेत्र के देशों के माध्यम से और वार्ता द्वारा हल किया जाना चाहिए, कहा कि ईरान क्षेत्र की सुरक्षा व स्थिरता के लिए क़तर सहित क्षेत्र के मित्र देशों के साथ परामर्श में वृद्धि के लिए तैयार है।

इस टेलीफ़ोनी वार्ता में क़तर नरेश शैख़ तमीम बिन हमद आले सानी ने कहा कि उनका देश, इस्लामी गणतंत्र ईरान के साथ अपने निकट संबंधों पर गर्व करता है और उसे आशा है कि इन संबंधों में पहले से अधिक विस्तार आएगा। उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान में ईरान की अहम भूमिका पर बल देते हुए कहा कि क़तर, ईरान और फ़ार्स की खाड़ी के दक्षिणी तटवर्ती देशों के बीच अच्छे व रणनैतिक संबंधों की स्थापना का इच्छुक है। क़तर नरेश ने कहा कि तेहरान व दोहा के संबंध किसी भी तीसरे देश के हस्तक्षेप से दूर रहते हुए विस्तृत हो रहे हैं। (HN)