ईरान: अमेरिका से बातचीत के लिए यह समय उपयुक्त नहीं है
-
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराक़ची
पार्स टुडे- इस्लामी गणराज्य ईरान के विदेश मंत्री ने कहा: फ़िलहाल अमेरिका के साथ बातचीत के लिए समय उपयुक्त नहीं है।
पार्स टुडे की रिपोर्ट के अनुसार इस्लामी गणराज्य ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराक़ची ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच वार्ताओं की स्थिति से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में कहा: इस समय बातचीत के लिए उचित माहौल नहीं है और इसका कारण अमेरिका की नीतियाँ हैं।
अराक़ची ने आगे कहा: इस्लामी गणराज्य ईरान ने कभी भी बातचीत की मेज़ नहीं छोड़ी है। हम हमेशा ऐसे संवाद के लिए तैयार रहे हैं जो पारस्परिक हितों और सम्मान के आधार पर हो लेकिन फिलहाल अमेरिकी सरकार का रवैया ऐसा नहीं है। ईरान के विदेश मंत्री ने पश्चिम विशेष रूप से अमेरिका द्वारा लगाए गए अन्यायपूर्ण प्रतिबंधों को हटाने के प्रयासों पर ज़ोर देते हुए कहा: हम व्यापारिक संबंधों के विकास और आर्थिक सहयोग, विशेषकर अपने पड़ोसी क्षेत्र में पड़ोसी देशों के साथ, के लिए भरपूर प्रयास कर रहे हैं।
इस्लामी गणराज्य ईरान के विदेश मंत्री ने लेबनान की अपनी आगामी यात्रा के उद्देश्यों के बारे में भी कहा: हम लेबनान के साथ संबंधों के विस्तार की कोशिश कर रहे हैं। यह इच्छा हमारी ओर से भी है और लेबनानी पक्ष की ओर से भी। mm