अराक़ची: ईरान किसी भी विदेशी हस्तक्षेप के प्रति सतर्क और तैयार है
-
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराक़ची और चीन के विदेश मंत्री वांग यी
पार्स टुडे – ईरान और चीन के विदेश मंत्रियों ने शांति बनाए रखने, देशों की संप्रभुता का सम्मान करने और तनाव बढ़ने से रोकने के लिए कूटनीतिक भूमिका निभाने के महत्व पर ज़ोर दिया।
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराक़ची ने गुरुवार को चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ टेलीफोन पर बातचीत में ईरान की आंतरिक स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि हाल की अशांतियों का एक बड़ा हिस्सा विदेशी हस्तक्षेप और उकसावे से उत्पन्न हुआ और किए गए उपायों के कारण देश में स्थिरता लौटने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अराक़ची ने कहा कि ईरानी इस्लामी गणराज्य किसी भी विदेशी हस्तक्षेप के प्रति सतर्क और तैयार है लेकिन साथ ही मित्र और पड़ोसी देशों के साथ संवाद और रचनात्मक सहयोग का रास्ता खुला रखता है।
ईरान के विदेश मंत्री ने क्षेत्रीय और वैश्विक समीकरणों में चीन की भूमिका का उल्लेख करते हुए क्षेत्र में शांति और स्थिरता को मजबूत करने में बीजिंग की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता जताई।
वांग यी ने कहा कि चीन हमेशा संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों का पालन करता रहा है, और किसी पर दबाव डालने, धमकी देने या एकतरफ़ा इच्छाओं को थोपने की नीति का समर्थन नहीं करता। वे विवादों को शांतिपूर्ण तरीकों से सुलझाने का समर्थन करता है।
चीन के विदेश मंत्री ने ईरानी जनता और सरकार की वर्तमान परिस्थितियों से उबरने की क्षमता पर भरोसा व्यक्त करते हुए कहा कि चीन हमेशा ईरान की स्थिरता, सुरक्षा और कानूनी अधिकारों का समर्थन करता है और कूटनीति और संवाद के माध्यम से तनाव कम करने और क्षेत्रीय सहयोग मजबूत करने में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए तैयार है। mm