ईरान, जर्मनी के लिए अहम व्यापारिक साझेदार हो सकता हैः ज़रीफ़
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i14773-ईरान_जर्मनी_के_लिए_अहम_व्यापारिक_साझेदार_हो_सकता_हैः_ज़रीफ़
ईरान के विदेश मंत्री ने इस बात पर बल देत हुए कि ईरान व जर्मनी के आर्थिक सहयोग में कोई भी चीज़ बाधा नहीं बन सकती, कहा है कि ईरान, क्षेत्र में जर्मनी के लिए एक महत्वपूर्ण व्यापारिक, आर्थिक और राजनैतिक साझेदार हो सकता है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun १६, २०१६ ०३:२३ Asia/Kolkata
  • ईरान, जर्मनी के लिए अहम व्यापारिक साझेदार हो सकता हैः ज़रीफ़

ईरान के विदेश मंत्री ने इस बात पर बल देत हुए कि ईरान व जर्मनी के आर्थिक सहयोग में कोई भी चीज़ बाधा नहीं बन सकती, कहा है कि ईरान, क्षेत्र में जर्मनी के लिए एक महत्वपूर्ण व्यापारिक, आर्थिक और राजनैतिक साझेदार हो सकता है।

मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने बुधवार की रात जर्मनी के विदेश मंत्री फ़्रैंक वाॅल्टर श्टायनमायर से बर्लिन में मुलाक़ात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जर्मनी व ईरान के संबंधों को बहुत मज़बूत व प्राचीन बताया और कहा कि जर्मनी की वित्तीय कंपनियों की ईरान में उपस्थिति और दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, तेहरान व बर्लिन के हित में होने के साथ साथ क्षेत्र व संसार की स्थिरता के लिए भी लाभदायक हो सकता है। उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि क्षेत्र की शांति व सुरक्षा के संबंध में ईरान व जर्मनी के विचार काफ़ी समान हैं, कहा कि चरमपंथ किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा और उससे मुक़ाबले के लिए वैश्विक समरसता की ज़रूरत है। विदेश मंत्री ज़रीफ़ ने कहा कि सैन्य समाधान केवल चरमपंथ व आतंकवाद से संघर्ष से संबंधित है जबकि अन्य सभी समस्याओं का समाधान वार्ता द्वारा किया जाना चाहिए।

 

इस अवसर पर जर्मनी के विदेश मंत्री फ़्रैंक वाॅल्टर श्टायनमायर ने ईरान व जर्मनी के अच्छे व एेतिहासिक संबंधों के अतीत की ओर संकेत करते हुए कहा कि उनका देश, सभी क्षेत्रों में ईरान से मज़बूत संबंध स्थापित करने का इच्छुक है। उन्होंने मध्यपूर्व की स्थिति के बारे में कहा कि दोनों ही देश मध्यपूर्व के देशों विशेष कर सीरिया व इराक़ की स्थिरता व अखंडता को लेकर चिंतित हैं। ज्ञात रहे कि ईरान के विदेश मंत्री संयुक्त समग्र कार्य योजना (जेसीपीओए) के क्रियान्वयन की प्रक्रिया में अपने जर्मन समकक्ष से वार्ता के लिए बुधवार की शाम बर्लिन पहुंचे हैं। (HN)