ईरान, युरोप से ज़्यादा सुरक्षित, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव
इस्लामी गणतंत्र ईरान की उच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ ईरान के सफल अनुभवों की वजह से युरोपीय देश हमेशा इस सिलसिले में ईरान के अनुभव से लाभ उठाने के इच्छुक रहे हैं।
उच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव एडमिरल अली शमख़ानी ने रविवार को शहीद मुस्तफ़ा चमरान की बरसी के संदर्भ में तेहरान में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि युरोप और पश्चिम के लोग जब तेहरान आते हैं तो खुद को पेरिस से ज़्यादा सुरक्षित महसूस करते हैं और इस संदर्भ में ईरान के अनुभव से लाभ उठाने के इच्छुक रहते हैं और निश्चित रूप से ईरान को यह अनुभव, अपने शहीदों के खून से प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि ईरान की सुरक्षा एजेन्सियों और पुलिस को यह अनुभव, आतंकवादियों और अलगाववादियों जैसे विभिन्न अराजक तत्वों के खिलाफ लंबे संघर्ष से हासिल हुए हैं किंतु जनता की भागीदारी इस्लामी गणतंत्र ईरान को सुरक्षित बनाने में प्रभावशाली रही है।
उन्होंने कहा कि अगर क्षेत्र में जारी युद्धों और हंगामों तथा दाइश जैसै आतंकवादी गुटों की गतिविधियों के बावजूद ईरान सुरक्षित है तो इसकी एक बड़ी वजह मज़बूत सुरक्षा एजेन्सियां और पुलिस है जो जनता की मदद से बनी हैं।
उच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने कहा कि तकफ़ीरी आतंकवादियों का मिशन यह था कि वह इस्लामी की पवित्र शिक्षाओं को जो ज़ायोनियों के खिलाफ नफरत बढ़ा रही थीं , इस्लामी समाजों के लिए बमों और आत्मघाती कार्यवाहियों में बदल दें और इस्लामी समाज के लिए तकफीरियों की यह सब बड़ी गद्दारी तथा ज़ायोनियों के लिए उन की सब से बड़ी सेवा रही है। (Q.A.)