ईरान के दक्षिण पूर्व की आतंकवादी घटना की गहन जांच की जाएगी
ईरान पुलिस के प्रवक्ता ने कहा है कि देश के दक्षिण पूर्व में स्थित सीस्तान व बलोचिस्तान प्रांत में की जाने वाली आतंकवादी कार्यवाही की गहन जांच की जाएगी।
ब्रिगेडियर जनरल सईद मुंतज़ेरुल मेहदी ने कहा कि देश की पुलिस सीस्तान व बलोचिस्तान प्रांत के सीमावर्ती क्षेत्र जकीगूर में की गई उस कार्यवाही की बहुत ही गंभीरता से जांच करेगी जिसमें ईरान के सीमा सुरक्षाबल के 4 जवान शहीद हो गए।
ईरान की पुलिस के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि आतंकवादियों का पाकिस्तान की सीमा में भाग जाना, इस्लामाबाद सरकार के ढीले रवैये को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान को इस बात की पूरी आशा है कि पाकिस्तान के सीमासुरक्षा बल के अधिकारी, आतंकवादियों को गिरफ़्तार करने में तेहरान का सहयोग करेंगे।
ज्ञात रहे कि बुधवार को सीस्तान व बलोचिस्तान प्रांत के सीमावर्ती क्षेत्र जकीगूर में आतंकवादियों और तस्करों के साथ झड़प में ईरान के सीमासुरक्षा बल के 4 जवान शहीद हो गए थे।