पुतीन के प्रतिनिधि की तेहरान यात्रा, महत्वपूर्ण क्षेत्रीय विषयों पर विचार
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i20683-पुतीन_के_प्रतिनिधि_की_तेहरान_यात्रा_महत्वपूर्ण_क्षेत्रीय_विषयों_पर_विचार
इस्लामी गणतंत्र ईरान और रूस, सीरिया के मामले में दो अहम और प्रभावी देश हैं और दोनों ने सीरिया संकट के आरंभ से ही इस संबंध में विचार विमर्श जारी रखा है और इस संकट के बारे में दोनों देशों का दृष्टिकोण एक समान है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug १५, २०१६ १२:०० Asia/Kolkata

इस्लामी गणतंत्र ईरान और रूस, सीरिया के मामले में दो अहम और प्रभावी देश हैं और दोनों ने सीरिया संकट के आरंभ से ही इस संबंध में विचार विमर्श जारी रखा है और इस संकट के बारे में दोनों देशों का दृष्टिकोण एक समान है।

सीरिया संकट के बारे में ईरान व रूस का विचार-विमर्श तेहरान व माॅस्को में निरंतर जारी रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में रूस के विदेश सचिव और सीरिया के मामलों में राष्ट्रपति पुतीन के प्रतिनिधि मीख़ाइल बोगदानोफ़ इस समय तेहरान में हैं। विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ की एक दिवसीय तुर्की यात्रा के तुरंत बाद बोगदानोफ़ की तेहरान यात्रा काफ़ी महत्वपूर्ण है और इसे सीरिया संकट के समाधान के लिए कोशिशों का नया चरण माना जा रहा है। इसके अलावा गत मंगलवार को सेंट पीटर्ज़बर्ग में रूस के राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन और तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान की मुलाक़ात और सीरिया संकट को राजनैतिक मार्गों से हल करने पर बल से भी इस बात की पुष्टि होती है कि पांच साल से अधिक समय से जारी सीरिया संकट को हल करने के लिए नए प्रयास शुरू हो चुके हैं।

 

अर्दोग़ान के रूस के संक्षिप्त दौरे और फिर ईरान के विदेश मंत्री की तुर्की की अहम यात्रा और अंततः बोगदानोफ़ की तेहरान में उपस्थिति जैसी पिछले एक सप्ताह की महत्वपूर्ण घटनाओं से इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि सीरिया संकट के समाधान में काफ़ी प्रगति हो चुकी है। ईरान व रूस के रुख़ से तुर्की के दृष्टिकोण के निकट होने से त्रिपक्षीय सहयोग का मार्ग प्रशस्त होता दिख रहा है और विदेश मंत्री ज़रीफ़ के प्रस्ताव में त्रिपक्षीय बैठक के आयोजन से यह सहयोग व्यवहारिक रूप ले लेगा। इस त्रिपक्षीय सहयोग की ईरान, रूस व तुर्की की राजधानियों में अलग-अलग समीक्षा हो चुकी है और सीरिया संकट के हल के लिए तीनों देशों का गठजोड़ बनना लगभग तै माना जा रहा है। सीरिया संकट के संबंध में तीन अहम क्षेत्रीय देशों के रूप में ईरान, रूस व तुर्की के दृष्टिकोणों का निकट आना और विवादित विषयों के समाधान के लिए इनका वार्ता करना, इस बात की शुभ सूचना दे रहा है कि सीरिया संकट का समाधान निकट है। (HN)