इराक़ी संसद सभापति तेहरान के दौरे पर
ईरान के संसद सभापति ने अपने इराक़ी समकक्ष के साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बल दिया कि क्षेत्र में सुरक्षा व राजनैतिक स्थिरता के लिए द्विपक्षीय सहयोग में विस्तार, दोनों देशों के मद्देनज़र महत्वपूर्ण विषयों में शामिल है।
अली लारीजानी ने शनिवार को तेहरान में इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि इस्लामी गणतंत्र की नज़र में इराक़ की क्षेत्रीय अखंडता, क्षेत्र में सुरक्षा व स्थिरता क़ायम रखने के लिए बहुत ज़रूरी है।
उन्होंने कहा कि ईरान और इराक़ की सरकारें, इस देश के भीतर आतंकवादी संकट के हल और ज़्यादा से ज़्यादा राजनैतिक समन्वय बनाने के लिए पूरी कोशिश कर रही हैं।
इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इराक़ी संसद सभापति सलीम अलजबूरी ने इराक़ में दाइश से मुक़ाबले और इराक़ी जनता की मदद में ईरान के योगदान को सराहते हुए कहा कि आतंकवाद से मुक़ाबले को क्षेत्रीय देशों की प्राथमिकता में होना चाहिए।
उन्होंने इराक़ में राजनैतिक दलों के बीच मतभेद और इन मतभेदों को दूर करने में ईरान की कोशिश की ओर इशारा करते हुए कहा कि सभी इराक़ी दल देश के भीतरी व बाहरी संकट से निपटने के लिए एकजुटता की ओर बढ़ रहे हैं।
सलीम अलजबूरी ने इराक़ में कुछ हल्क़ों की ओर से मूसिल की आज़ादी में स्वयंसेवी बल के भाग लेने के संबंध में हो रहे विरोध पर कहा कि इराक़ में प्रशासनिक व सैन्य क्षेत्र में निर्णय लेने वाले, इस देश के हित के बारे में सोचते हैं और जो चीज़ अहमियत रखती है वह इराक़ का हित है। (MAQ/N)