पश्चिमी एशिया में अमरीकी सपने चकनाचूर हो गए, वरिष्ठ नेता
विश्व मस्जिद दिवस के अवसर पर तेहरान की मस्जिदों के इमाम ने रविवार को वरिष्ठ नेता से मुलाक़ात की।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता ने मस्जिद को आत्मोत्थान, दुश्मन से निपटने, लोक-परलोक के निर्माण, आत्मज्ञान बढ़ाने और इस्लामी सभ्यता की पृष्ठिभूमि तय्यार करने वाला केन्द्र बताया।
आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई ने विश्व मस्जिद दिवस की घोषणा का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि यह दिन मस्जिदुल अक़्सा को ज़ायोनियों द्वारा आग लगाए जाने की घटना की याद मनाने का दिन है और ज़ायोनी शासन से इस्लामी जगत के मुक़ाबला करने के उद्देश्य से इसे विश्व मस्जिद दिवस घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि इस्लामी सहयोग संगठन में इस्लामी गणतंत्र ईरान के आग्रह पर इसे विश्व मस्जिद दिवस घोषित किया गया इसलिए इस दिन को इसी नज़र से देखना चाहिए।
वरिष्ठ नेता ने इस्लामी क्रान्ति को विश्व वर्चस्ववादी व्यवस्था के स्तंभ को पूरी तरह झकझोरने वाली क्रान्ति की संज्ञा देते हुए कहा कि क्रान्तिकारी इस्लाम और इस्लामी क्रान्ति ने विश्व पर वर्चस्व जमाने वाली शक्तियों के क्षेत्र पर क़ब्ज़ा करने के मुख्य लक्ष्य को नाकाम कर दिया और पश्चिमी एशिया में अमरीका को धूल चटा दी।
उन्होंने कहा कि अगर इस्लाम के प्रति इस राष्ट्र में आस्था न होती तो आज ईरान भी दूसरों की तरह अमरीकी छत्रछाया में होता। यही कारण है कि वे जनता की आस्था से ऐसी गहरी दुश्मनी रखते हैं जो ख़त्म नहीं होने वाली।
आयतुल्लाहिल उज़्मा सय्यद अली ख़ामेनई ने बल दिया कि अत्याचारी शक्तियों की खुली, छिपी व जटिल दुश्मनी के बावजूद, इस्लामी गणतंत्र ईरान दिन प्रतिदिन मज़बूत होता जा रहा है और जनता की आस्था व एकता से दुश्मन की चालें नाकाम रहेंगी।
उन्होंने कहा कि वर्चस्ववादी व्यवस्था ऐसे इस्लाम से दुश्मनी नहीं करतीं जो व्यक्तिगत व सामाजिक प्रार्थना में सीमित और सेक्यूलर हो। उन्होंने कहा कि दुनिया पर वर्चस्व जमाने वालों को शक्तिशाली इस्लाम से दुश्मनी है। एेसा इस्लाम, जिसके पास राजनैतिक व सामाजिक व्यवस्था है। वह इस्लाम जो राष्ट्रों का लोक-परलोक में सच्चे कल्याण की ओर मार्गदर्शन कर सकता है।
वरिष्ठ नेता ने मस्जिद की अहमियत की ओर इशारा करते हुए कहा कि इस्लामी इतिहास में मस्जिद में परामर्श होता था और महत्वपूर्ण सामाजिक, राजनैतिक व सैन्य मामलों के निर्णय, मस्जिदों में ही लिए जाते थे।(MAQ/N)