अमरीका, सीरिया व इराक़ में अपनी ग़लतियों से पाठ लेः ज़रीफ़
विदेश मंत्री ने कहा है कि अमरीका की सरकार को सीरिया व इराक़ में अपनी खुली ग़लतियों से पाठ लेते हुए वास्तविकताओं को खुली आंख से देखना चाहिए।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने ईरान को ख़तरा बताने संबंधी अमरीकी विदेश मंत्री जाॅन केरी के बयान को निराधार बताते हुए कहा कि निश्चित रूप से अमरीकी विदेश मंत्री दूसरों से अधिक बेहतर जानते हैं कि सऊदी अरब ने पिछले डेढ़ साल में, यमन में संघर्ष विराम के सभी प्रयासों को निरंतर विफल बनाया है। उन्होंने ईरान द्वारा यमन में हथियार भेजने संबंधी अमरीकी विदेश मंत्री के बयान की प्रतिक्रिया में कहा कि अमरीकी सरकार इस प्रकार के बयान द्वारा ख़ुद को यमन की निर्दोष व अत्याचारग्रस्त जनता के विरुद्ध सऊदी अरब की बच्चों की हत्यारी सरकार के युद्ध अपराधों और अमानवीय कार्यवाहियों में भागीदार बना रही है और उसे भी इन अमानवीय अपराधों का जवाब देना होगा।
ईरान के विदेश मंत्री ने बल देकर कहा कि हम निरंतर घोषणा करते रहे हैं कि इस्लामी गणतंत्र ईरान की सैन्य क्षमता कभी भी किसी देश के लिए ख़तरा नहीं है बल्कि उसका केवल प्रतिरक्षक आयाम है। ज़रीफ़ ने कहा कि आज जिस चीज़ ने क्षेत्र और पूरे संसार को ख़तरे में डाल रखा है वह तकफ़ीरी आतंकवाद की विचारधारा और उसे प्राप्त आर्थिक व राजनैतिक सहायता है और अमरीकी विदेश मंत्री को इसके स्रोतों और कारणों से बख़ूबी आगाह होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमरीकी सरकार, तकफ़ीरियों का समर्थन करके और वास्तविकताओं की अनदेखी करके क्षेत्र में अपनी साख पहले से अधिक कमज़ोर कर रही है। (HN)