ईरान, रेडियो मेडिसिन निर्यात करने वाले देशों में शामिल हो गया
ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के उप प्रमुख ने बताया है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, रेडियो मेडिसिन निर्यात करने वाले देशों की पंक्ति में शामिल हो गया है।
हुसैन ख़लफ़ी ने पूर्वोत्तरी ईरान के मशहद नगर के एक अस्पताल में दो रेडियोधर्मी दवाओं के अनावरण के समारोह में कहा कि ईरान ने परमाणु चिकित्सा के विशेषज्ञों के सहयोग से रेडियोधर्मी दवाएं बनानेे में काफ़ी सफलताएं हासिल की हैं और वह इन दवाओं को अपनी आवश्यकता के लिए इस्तेमाल करने के अलावा इन्हें अन्य देशों को निर्यात भी कर रहा है। उन्होंने बताया कि ईरान ये दवाएं भारत, पाकिस्तान, आॅस्ट्रिया, न्यूज़ीलैंड और इराक़ सहित कई देशों को निर्यात कर रहा है।
ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के उप प्रमुख ने बताया कि वर्ष 2011 तक ईरान केवल प्रयोगशाला के स्तर पर अत्यंत सीमित मात्रा में रेडियो मेडिसिन तैयार कर रहा था लेकिन तीन साल में ईरान के परमाणु विशेषज्ञों की एक टीम गठित की गई जिसके बाद दो ही साल में ईरान विभिन्न प्रकार की रेडियोधर्मी दवाएं बना लगा है। हुसैन ख़लफ़ी ने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान ने प्रतिबंधों के कड़े काल में विदेशी दबाव के बावजूद यह उपलब्धि प्राप्त की है। (HN)