सऊदी अरब, ईरान के विरुद्ध आतंकियों की मदद कर रहा हैः बोरूजेर्दी
ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख ने कहा है कि ईरान में पकड़े गए आतंकियों ने सऊदी अरब द्वारा आतंकी गुटों की सहायता के बारे में ईरानी अधिकारियों को मूल्यवान सूचनाएं दी हैं।
अलाउद्दीन बोरूजेर्दी ने लेबनान की अलअहद न्यूज़ वेबसाइट से बात करते हुए सऊदी समर्थित आतंकी गुटों के ईरान में पकड़े जाने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि आले सऊद क्षेत्र और संसार में इस्लामी गणतंत्र ईरान के विरुद्ध अपनी सभी संभवनाओं का प्रयोग कर रहा है और इस परिप्रेक्ष्य में वह ईरानी राष्ट्र को लक्ष्य बनाने के लिए आतंकी गुटों की मदद कर रहा है।
उन्होंने आतंकवाद से संघर्ष के लिए ईरान व रूस के सहयोग के नए चरण के बारे में कहा कि बग़दाद और दमिश्क़ में ईरान, रूस, सीरिया व इराक़ का संयुक्त आॅप्रेशन रूम है लेकिन जब हमें महसूस हुआ कि आतंकियों के सफ़ाए के लिए अधिक बड़े क़दम उठाने की ज़रूरत है तो हमने देश के पश्चिम में हमदान प्रांत की नूजे हवाई छावनी में रूसी विमानों को ईंधन लेने जैसी कुछ सुविधाएं प्रदान कीं। ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख ने कहा है कि ईरान ने यह फ़ैसल अपने राष्ट्रीय हितों व राष्ट्रीय सुरक्षा तथा आतंकवाद से संघर्ष करने वाले प्रतिरोध के मोर्चे की सहायता के आधार पर किया है।
अलाउद्दीन बोरूजेर्दी ने इसी तरह सीरिया के हलब नगर में सैन्य कार्यवाही के बारे में कहा कि पांच साल तक अमरीकी नीतियों से मुक़ाबला करने के बाद आज प्रतिरोध के मोर्चे की शक्ति काफ़ी बढ़ चुकी है और इराक़ व सीरिया में दाइश सहित आतंकी गुट बिखरते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज सीरिया की सरकार व उसके घटक, आतंकियों व उनके समर्थकों के मुक़ाबले में काफ़ी आगे हैं। (HN)