मिना त्रासदी में इंसाफ़ के लिए ईरान की कोशिश जारी
ईरान ने कहा है कि मिना त्रासदी में इंसाफ़ पाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर क़ानूनी प्रयास जारी हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में मिना त्रासदी में इंसाफ़ पाने के लिए किए गए प्रयासों की ताज़ा स्थिति के बारे में कहा कि विदेश मंत्रालय में एक कमेटी बनायी गयी है जो सभी तंत्रों के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इस विषय मेें कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल के दौरान विभिन्न आयामों से मिना त्रासदी की समीक्षा हुयी जिसका एक पहलू क़ानूनी था। इस क़ानूनी पहलू के बारे में अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों और ईरानी क़ानूनों के माहिरों से विचार विमर्श हुआ।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने क्षेत्र में आतंकवाद से संघर्ष के बारे में कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान ख़ुद आतंकवाद की बलि चढ़ा है और इस बुराई से निपटने के लिए वह आगे आगे है। बहराम क़ासेमी ने इसी प्रकार सीरिया के हालात के बारे में कहा कि सीरिया का मामला विदेशियों के हस्तक्षेप से जटिल हो गया है। उन्होंने आशा जतायी कि निकट भविष्य में सीरियाई जनता सहित क्षेत्र की जनता के हित में स्वीकार्य हल निकल आएगा। (MAQ/N)