अज़ादारी का समाज में बड़ा उच्च स्थान हैः राष्ट्रपति रूहानी
राष्ट्रपति ने कहा है कि इस्लाम की संस्कृति और समाज में नैतिकता के निर्माण में अज़ादारी का बड़ा उच्च स्थान है।
डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को तेहरान के दक्षिणी उपनगरीय क्षेत्र शहरे रै में पैग़म्बरे इस्लाम के परिजनों में से एक शाह अब्दुल अज़ीम के मज़ार पर आयोजित शोक सभा में इमाम हुसैन के श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोग पिछले बरसों की तुलना में अधिक संख्या में और अधिक जोश के साथ इमाम हुसैन के आज्ञापालन का प्रण लेने के लिए शोक सभाओं और जुलूसों में उपस्थित हुए हैं। उन्होंने क्षेत्र की परिस्थितियों की ओर संकेत करते हुए कहा कि सभी को इामम हुसैन अलैहिस्सलाम के मार्ग पर चलने की कोशिश करनी चाहिए क्योंकि लोक-परलोक में कल्याण व सम्मान इसी राह पर चल कर और इमाम हुसैन की संस्कृति के पालन से प्राप्त होगा।
राष्ट्रपति रूहानी ने यमन, सीरिया व इराक़ के लोगों की दुखद स्थिति की ओर संकेत करते हुए आशा जताई कि अतिक्रमणकारियों की पाश्विक बमबारी का निशाना बन रहे यमन के लोगों और आतंकियों के बर्बर हमलों का सामना कर रहे इराक़ व सीरिया के लोगों को ईश्वर की सहायता से अतिक्रमणकारियों और आतंकियों से मुक्ति मिलेगी। (HN)