अलवेफ़ाक़ के आफ़िस पर छापा मारना मनामा की बहुत बड़ी ग़लती, ईरान
-
20 अक्तूबर 2016 को बहरैन के सबसे बड़े विपक्षी दल अलवेफ़ाक़ नेश्नल सोसाइटी के आफ़िसों पर बहरैनी फ़ोर्स ने धावा बोला
ईरान ने बहरैन के सबसे बड़े विपक्षी दल अलवेफ़ाक़ के आफ़िसों पर आले ख़लीफ़ा शासन की फ़ोर्स द्वारा मारे गए छापे पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि इस देश में राजनैतिक विरोध के ख़िलाफ़ इस तरह का दमनकारी क़दम बहुत बड़ी ग़लती है।
शुक्रवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने कहा कि बहरैनी शासन इस देश में राजनैतिक व धार्मिक नेताओं सहित वैध संगठनों के ख़िलाफ़ हिंसक व्यवाहर अपनाकर बहुत बड़ी ग़लती कर रहा है।
उन्होंने कहा, “एक बार फिर हम बहरैनी अधिकारियों को सुझाव देंगे कि वह विपक्षी कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक वार्ता के लिए पुलिसिया नीति को छोड़ें और विश्वास बहाली के उपाय अपनाएं।”
ज्ञात रहे गुरुवार को बहरैनी शासन की फ़ोर्स ने अलवेफ़ाक़ राष्ट्रीय दल के आफ़िसों पर छापा मार कर इस दल की संपत्ति को सील कर दिया। बहरैनी शासन ने यह क़दम अलवेफ़ाक़ की ओर से मनामा अधिकारियों की इस्राइली प्रतिनिधिमंडल की मेहमाननवाज़ी करने के फ़ैसले की आलोचना करने के बाद उठाया। (MAQ/N)