विश्व साम्राज्य से संघर्ष के दिन अमरीकी ध्वज जलाया गया
पूरे ईरान में विश्व साम्राज्य से संघर्ष के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूसों में अमरीकी ध्वज जलाया गया।
राजधानी तेहरान सहित पूरे ईरान के विभिन्न शहरों में तीन नवम्बर को मनाए जाने वाले विश्व साम्राज्य से संघर्ष के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जुलूस निकाले गए। तेहरान में अमरीका के पूर्व दूतावास की इमारत के सामने जुलूस में शामिल लोगों ने इस देश का ध्वज जलाया। लोग अमरीका मुर्दाबाद और इस्राईल मुर्दाबाद के नारे लगा कर साम्राज्य से अपने क्रोध और घृणा का प्रदर्शन कर रहे थे। जुलूसों की समाप्ति पर छात्रों ने अलग-अलग बयान जारी करके इस्लामी क्रांति के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने और अमरीका के झूठे वादों पर भरोसा न करने की आवश्यकता पर बल दिया।
ज्ञात रहे कि 37 साल पहले तेरह आबान बराबर तीन नवम्बर को ईरान के क्रांतिकारी छात्रों ने जासूसी का अड्डा बन चुके अमरीका के दूतावास को अपने नियंत्रण में ले लिया था। ईरान में इस्लामी क्रांति के दौरान और उसकी सफलता के बाद तेहरान में अमरीकी दूतावास निरंतर इस्लामी क्रांति के विरुद्ध षड्यंत्र कर रहा था। (HN)