फ़िलिस्तीन, इस्लामी जगत का मुख्य विषय हैः जवाद ज़रीफ़
विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ ने फ़िलिस्तीन के विषय को इस्लामी जगत का मुख्य विषय बताया है।
जवाद ज़रीफ़ ने मंगलवार को लेबनान की राजधानी बैरूत में लेबनान में फ़िलिस्तीन के प्रतिरोध गुटों के नेताओं के बीच कहा कि फ़िलिस्तीन ईरान की विदेश नीति में मुख्य हैसियत रखता है और इस नीति का इस्लामी गणतंत्र ईरान के अधिकारी गंभीरता से पालन कर रहे हैं।
उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि आज क्षेत्र सहित दुनिया के सामने दो बड़े ख़तरे हैं, कहा कि क्षेत्र और दुनिया के सामने सबसे बड़ा ख़तरा ज़ायोनी शासन है और यह शासन ही है जिसे साम्राज्य ने अस्तित्व दिया है। उन्होंने कहा कि अवैध ज़ायोनी शासन शांति, सुरक्षा और मानवाधिकार के लिए सबसे बड़ा ख़तरा है।
ईरान के विदेश मंत्री ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ज़ायोनी शासन के पास कम से कम 200 परमाणु वारहेड्स हैं, कहा कि यह शासन अतिक्रमणकारी नीतियां लागू करता है, सभी अंतर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करता है, मानवाधिकारों का सबसे ख़तरनाक दुश्मन है और दुष्टता में कोई इससे प्रतिस्पर्धा नहीं कर सकता।
जवाद ज़रीफ़ ने आतंकवाद को मानव समाज के लिए दूसरा बड़ा ख़तरा बताया कि जिसने क्षेत्र में झड़प व जंग छेड़ रखी है, हालांकि आतंकवाद ज़ायोनी शासन के लिए कोई ख़तरा नहीं हैं।
उन्होंने यमन और सीरिया में मानव त्रासदी को ख़त्म करने के लिए तुरंत संघर्ष विराम और मानवीय सहायता पहुंचाए जाने पर बल देते हुए कहा कि इन दोनों देश की समस्या सिर्फ़ राजनैतिक मार्ग से हल हो सकती हैं। (MAQ/N)