यूएन इराक़ में श्रद्धालुओं पर आतंकी हमले की भर्त्सना करे, ईरान
-
25 नवंबर 2016 को हिल्ला के शुमाली गांव में पेट्रोल पम्प पर हुए बम हमले के स्थल पर एक व्यक्ति मीडिया से बातचीत में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए
संयुक्त राष्ट्र संघ में ईरान के दूत ने यूएन से इराक़ में श्रद्धालुओं पर दाइश के हमले की भर्त्सना की मांग की है।
ग़ुलाम हुसैन दहक़ानी ने कहा कि इराक़ में दाइश का ताज़ा हमला कि जिसमें बड़ी संख्या में ईरानी श्रद्धालु शहीद हुए, इस बात की याद दिलाता है कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय पर भारी ज़िम्मेदारी है।
उन्होंने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून के नाम ख़त में इस घातक हमले की यूएन की ओर से निंदा की मांग करते हुए यह बात कही।
ग़ुलाम हुसैन दहक़ानी ने कहा, “यह आतंकी हमला जिसकी ज़िम्मेदारी दाइश ने ली है, ईरानी श्रद्धालुओं के ख़िलाफ़ आतंकियों के अपराध की पहली मिसाल नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई बार श्रद्धालु आतंकियों के भयावह हमले का शिकार हो चुके हैं।”
उन्होंने बल दिया कि ईरानी जनता और सरकार दाइश सहित आतंकवादी गुटों के सफ़ाए के लिए किसी भी कोशिश से पीछे नहीं हटेगी।
ज्ञात रहे गुरुवार को बग़दाद से 100 किलोमीटर दक्षिण में स्थित हिल्ला शहर के उपनगरीय भाग में स्थित शुमाली गांव में एक पेट्रोल पंप पर दाइश ने ट्रक बम का धमाका किया, जिसमें कम से कम 100 श्रद्धालु शहीद हुए। इस आतंकी हमले में शहीद होने वालों में बड़ी संख्या ईरानी श्रद्धालुओं की है। (MAQ/N)