क्षेत्र में अमरीकी वर्चस्व का समय समाप्त हो गयाः ज़रीफ़
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i30562-क्षेत्र_में_अमरीकी_वर्चस्व_का_समय_समाप्त_हो_गयाः_ज़रीफ़
ईरान के विदेशमंत्री ने कहा है कि क्षेत्र में पश्चिम विशेषकर अमरीका के वर्चस्व का समय बीत चुका है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ०६, २०१६ १३:०६ Asia/Kolkata
  • क्षेत्र में अमरीकी वर्चस्व का समय समाप्त हो गयाः ज़रीफ़

ईरान के विदेशमंत्री ने कहा है कि क्षेत्र में पश्चिम विशेषकर अमरीका के वर्चस्व का समय बीत चुका है।

मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने बीजिंग विश्व विद्यालय के छात्रों को मंगलवार को संबोधित करते हुए कहा कि सोवियत संघ के विघटन के बाद पश्चिम में यह ग़लत धारणा पायी जाती थी कि यह पश्चिम की एक विजय थी और इस परिधि में अमरीका ने स्वयं को दुनिया की शक्ति के एकमात्र ध्रुव के रूप में पेश किया।

श्री जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि अमरीका ने इसी परिप्रेक्ष्य में इराक़ और अफग़़ानिस्तान जैसे देशों का अतिग्रहण किया और दुनिया में स्वयं को महाशक्ति के रूप में पहचनवाने का प्रयास किया किन्तु इस ग़लत विचारधारा से निकले वर्चस्ववाद का समय समाप्त हो गया है।

ईरान के विदेशमंत्री ने कहा कि दुनियावासियों के सामने बहुत सी चुनौतियां हैं जिसमें पर्यावरण से आतंकवाद और चरमपंथ सभी शामिल हैं और एक महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में चीन ने इस दौरान सक्रिय भूमिका निभाई है।

ईरान के विदेशमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक और विश्वविद्यालय के कार्यक्रम चरमपंथ से मुक़ाबले का बेहतरीन मार्ग हो सकते हैं, क्योंकि सैन्य मार्गों से चरमपंथ से निपटा नहीं जा सकता।

श्री जवाद ज़रीफ़ ने इसी प्रकार राजनैतिक शैली और वार्ता द्वारा सीरिया संकट के समाधान पर बल दिया और कहा कि चीन, दुनिया की शक्ति बनने के प्रयास में नहीं है बल्कि सीरिया सहित दुनिया के मामलों में सकारात्मक भूमिका निभाने के प्रयास में है।

ईरान के विदेशमंत्री ने चीन और तेहरान के संबंधों को रणनैतिक बताया और कहा कि ईरान और चीन सदैव संबंधों के विस्तार के प्रयास में रहे हैं। ज्ञात रहे कि भारत के अमृतसर शहर में हार्ट आफ़ एशिया सम्मेलन में भाग लेने के बाद विदेशमंत्री चीन के दौरे पर हैं। (AK)