क़ाहेरा में चर्च पर हुए विस्फोट की निंदा की ईरान ने
ईरान ने मिस्र की राजधानी क़ाहिरा में एक गिरजाघर में होने वाले विस्फोट की निंदा करते हुए प्रभावितों के परिजनों से हार्दिक संवेदना प्रकट की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने रविवार को कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल को लक्ष्य बनाना, धार्मिक शिक्षाओं के विरुद्ध है जिसकी धर्मों ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि क्रिसमस से पहले गिरजाघर पर हमला करके आतंकवादियों ने यह दर्शा दिया है कि वे किसी भी धर्म का सम्मान नहीं करते।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बल देकर कहा कि अब समय आ गया है कि आतंकवाद के मुक़ाबले में सभी राष्ट्र एकजुट हो जाएं।
ज्ञात रहे कि रविवार की सुबह क़ाहिरा में एक गिरजाघर में हुए विस्फोट में 23 लोग मारे गए जबकि 49 घायल हो गए। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि रविवार को क़ाहिरा के अलअब्बासिया क्षेत्र में स्थित काप्टिक आर्थोडाक्स इसाइयों के सेंट मार्क्स कैथेडरेल गिरजाघर में एक महिला ने चर्च में आकर अपना पर्स रखा और जैसे ही वह पर्स रखकर बाहर निकली विस्फोट हो गया।