सीरिया के हालात पर ज़रीफ़ व लावरोफ़ की बातचीत
ईरान व रूस के विदेश मंत्रियों ने सीरिया के ताज़ा हालात और इस देश में संघर्ष विराम के बारे में टेलीफ़ोन पर वार्ता की है।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ और सेर्गेई लावरोफ़ ने इस टेलीफ़ोनी वार्ता में सीरिया में हलब नगर में आतंकियों को होने वाली भारी पराजय के बाद पूरे देश में लागू किए गए संघर्ष विराम और राजनैतिक वार्ता के लिए दिए जाने वाले सुझावों के बारे में विचार-विमर्श किया। इस्लामी गणतंत्र ईरान व सीरिया ने अपने निरंतर परामश से सीरिया के ज़मीनी हालात और इस देश के संकट के राजनैतिक समाधान के बारे में अहम भूमिका निभाई है। इन दोनों देशों के विचार-विमर्श से ही सीरिया के हालात एक नई डगर पर आ गए हैं।
हाल ही में सीरिया की सेना और दाइश व फ़त्हुश्शाम (पूर्व नुस्रा फ़्रंट) को छोड़ कर सीरियाई सरकार के सभी सशस्त्र विरोधियों के बीच संघर्ष विराम लागू किया गया है लेकिन आतंकवादी निरंतर इसका उल्लंघन कर रहे हैं। सीरियाई सरकार के सशस्त्र विरोधियों ने सोमवार को घोषणा की थी कि वे क़ज़ाक़िस्तान में होने वाली सीरिया की शांति वार्ता का बहिष्कार करेंगे। (HN)