तुर्की के अधिकारी, गैर रचनात्मक बयानबाज़ी से बचें, विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि तुर्क अधिकारियों के गैर सार्थक बयानों से सीरिया संकट के राजनीतिक समाधान की राह में अनगिनत बाधाएं उत्पन्न होने के अलावा और कुछ नहीं होगा।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने तुर्की के विदेशमंत्री मौलूद चावूश ओग़लू के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया प्रकट करते हुए बुधवार की रात कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान मास्को की त्रिपक्षीय प्रक्रिया के एक पक्ष के रूप में उसके समझौते को गंभीरता के साथ लागू करने पर बल देता है और इस प्रक्रिया के दूसरे पक्ष अर्थात तुर्की से आशा रखता है कि वह एेसा रुख नहीं अपनाएगा जो ज़मीनी हक़ीक़त और उसके वचनों के विपरीत हो।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि सीरिया में लागू किया गया युद्ध विराम, सरकार विरोधी गुटों द्वारा बार बार तोड़ा जा रहा है और विश्वस्त रिपोर्टों के अनुसार सशस्त्र गुटों ने एक ही दिन में 45 से अधिक बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा इस्लामी गणतंत्र ईरान ने जिस तरह से अब तक कोशिश की है उसी तरह से आगे भी युद्ध विराम को मज़बूत बनाने और राजनीतिक समाधान की प्रक्रिया सरल बनाने का प्रयास जारी रखेगा।
याद रहे तुर्की के विदेशमंत्री मौलूद चाऊश ओग़लू ने मंगलवार की रात को दावा किया था कि सशस्त्र गुट युद्ध विराम की प्रतिबद्धता कर रहे हैं इस लिए तुर्की ईरान से मांग करता है कि वह दमिश्क़ को युद्ध विराम की प्रतिबद्धता पर तैयार करे।
यह एेसी स्थिति में है कि तुर्की इन आतंकवादी गुटों का सब से बड़ा समर्थक समझा जाता है।
सीरिया में 30 दिसंबर से युद्ध विराम लागू किया गया है ।
इस युद्ध विराम में आतंकवादी गुट दाइश और अन्नुस्रा फ्रंट को शामिल नहीं किया गया है। (Q.A.)