एयर बस से ख़रीदा गया पहला विमान तेहरान पहुंचा
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i34024-एयर_बस_से_ख़रीदा_गया_पहला_विमान_तेहरान_पहुंचा
फ़्रांसीसी विमान निर्माण कंपनी एयर बस से ख़रीदा गया पहला विमान गुरुवार को तेहरान के मेहराबाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan १२, २०१७ १५:४४ Asia/Kolkata
  • एयर बस से ख़रीदा गया पहला विमान तेहरान पहुंचा

फ़्रांसीसी विमान निर्माण कंपनी एयर बस से ख़रीदा गया पहला विमान गुरुवार को तेहरान के मेहराबाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा।

ईरान एयर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फ़रहाद परवरिश ने बताया कि एयर बस का विमान ए-321 बुधवार को पेरिस में ईरान एयर के हवाले किया गया जो गुरुवार को तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पहुंचा और इस तरह यह विमान भी ईरानी विमानों के बेड़े में शामिल हो गया।

उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि इस विमान में 195 सीटें हैं और यह देश के भीतर यात्रा में इस्तेमाल होगा, बल दिया कि इस वर्ष के अंत तक कुछ और विमान, ईरानी विमानों के बेड़े में शामिल होंगे।

एयर बस कंपनी के कार्यकारी अधिकारी फ़ैबियस बर्जियर भी इस विमान से तेहरान पहुंचे।

उन्होंने बुधवार को एयर बस के विमान के ईरान को हवाले करने के समारोह में कहा कि इस विमान के हवाले करने के साथ ही ईरान एयर और एयर बस के बीच आधिकारिक रूप से सहयोग शुरु हो गया है।

ईरान की एयर लाइन कंपनियों ने जेसीपीओए के जनवरी 2016 में लागू होते ही विमान निर्माण कंपनियों से सीधी बातचीत शुरु कर दी थी। ईरानी राष्ट्रपति के पिछले साल जनवरी में पेरिस दौरे में एयर बस और ईरान एयर के बीच 100 से ज़्यादा विमान ख़रीदने के समझौते पर दस्तख़त हुए थे।

ईरान ने बोइंग से भी 80 विमान ख़रीदने का समझौता किया है। (MAQ/N)