मशहद बना इस्लामी जगत की सांस्कृतिक राजधानी + वीडियो
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i35109-मशहद_बना_इस्लामी_जगत_की_सांस्कृतिक_राजधानी_वीडियो
ईरान के पवित्र नगर मशहद को आधिकारिक रूप में इस्लामी जगत की राजधानी घोषित कर दिया गया।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan २४, २०१७ १६:२२ Asia/Kolkata

ईरान के पवित्र नगर मशहद को आधिकारिक रूप में इस्लामी जगत की राजधानी घोषित कर दिया गया।

मंगलवार को पवित्र नगर मशहद में एक आयोजन किया गया जिसमें उसे पूरे इस्लामी जगत की सांस्कृतिक राजधानी नियुक्त किया गया।

मशहद में आज होने वाले इस समारोह में ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों सहित 51 इस्लामी देशों के 250 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।  समारोह का उद्घाटन करते हुए ईरान के सांस्कृतिक मंत्री सैयद रज़ा सालेही अमीरी ने कहा कि इस्लामी जगत में आतंकवाद को नियंत्रित करने का एकमात्र मार्ग मुसलमानों में एकता उत्पन्न करना है।  उन्होंने कहा कि इमाम रज़ा अलैहिस्सलाम की शिक्षाओं का पालन करके मुसलमानों के बीच एकता स्थापित की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि पवित्र नगर मशहद को इस्लामी जगत की सांस्कृतिक राजधानी नियुक्त करने से एकता की आवाज़ को पूरी दुनिया में पहुंचाया जा सकता है।

इस समारोह को संबोधित करते हुए ख़ुरासान प्रांत के गवर्नर अली रज़ा रशीदयान ने कहा कि पवित्र नगर मशहद को इस्लामी जगत की सांस्कृतिक राजधानी नियुक्त किये जाने से अब यह अवसर हाथ आ गया है कि इस्लामी जगत से नई इस्लामी सभ्यता को परिचित कराया जाए।

उल्लेखनीय है कि पवित्र नगर मशहद में पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा (स) के पौत्र इमाम रज़ा अलैहिस्सलाम का पवित्र रौज़ा है जिसके दर्शन के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते रहते हैं।