ईरान के मिज़ाइल का विषय, जेसीपीओए में शामिल नहीं- ज़रीफ़
विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि ईरान के मिज़ाइल कार्यक्रम का विषय, जेसीपीओए का हिस्सा नहीं है।
विदेशमंत्री ने इस बात की ओर से अमरीका को सचेत किया है कि ईरान के वैध मिज़ाइल कार्यक्रम के विषय को राजनीतिक हथकण्डे में न बदला जाए।
जवाद ज़रीफ़ ने मंगलवार को तेहरान में फ्रांस के विदेशमंत्री के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में स्पष्ट किया कि ईरान के मिज़ाइल का विषय, जेसीपीओए में शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि जेसीपीओए में उन बैलेस्टिक मिज़ाइलों की ओर संकेत किया गया है जो परमाणु शस्त्र ले जाने में सक्षम हैं जबकि ईरान ने उसी समय घोषणा की थी कि ईरान ने कोई भी मिज़ाइल एेसी योग्यता वाला नहीं बनाया है।
विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ ने ईरान के रक्षा कार्यक्रम को सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 2231 से बाहर बताते हुए कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान अपनी रक्षा के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं है।
उन्होंने कहा कि ईरान, जेसीपीओए के प्रति कटिबद्ध रहा है जबकि इसके क्रियान्वयन में अमरीका बाधा बन रहा और उसने अपने वचनों का पालन नहीं किया।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्रसंघ की सुरक्षा परिषद, अमरीका और ज़ायोनी शासन के अनुरोध पर ईरान के मिज़ाइल परीक्षण के बारे में आपातकालीन बैठक करने जा रही है।