लैटिन अमरीकी देशों के साथ संबन्ध विस्तार सराहनीयः रूहानी
ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि लैटिन अमरीकी देशों के साथ हर क्षेत्र में संबन्ध विस्तार, तेहरान के लिए विशेष महत्व रखता है।
डा. हसन रूहानी ने बुधवार को तेहरान में वेनेज़ोएला के विदेश एवं पेट्रोलियम मंत्री के साथ भेंट में कहा कि तेहरान, सभी लैटिन अमरीकी देशों विशेषकर वेनेज़ोएला के साथ विभिन्न क्षेत्रों में संबन्ध विस्तार का इच्छुक है।
उन्होंने कहा कि बहुत से अन्तर्राष्ट्रीय विषयों पर ईरान और वेनेज़ुएला के समान विचार हैं। राष्ट्रपति रूहानी ने स्पष्ट किया कि विश्व के वे देश जो वर्चस्ववाद एवं विस्तारवाद से मुक़ाबले में प्रतिरोध कर रहे हैं उनका समर्थन करना ईरान की विदेश नीति का भाग है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र देश विशेषकर गुट निरपेक्ष के सदस्य देशों को दुनिया में की जाने वाली मनमानी, अत्याचार और अतिवाद के विरुद्ध एकजुट होना चाहिए।
ईरान के राष्ट्रपति ने इसी प्रकार कहा कि तेल निर्यात करने वाले देशों सहित अन्य देशों के लिए यह आवश्यक है कि तेल के मूल्य को स्थिर बनाकर तर्कपूर्ण बनाया जाए।
इस भेंटवार्ता में वेनेज़ोएला के विदेशमंत्री एवं पेट्रोलियम मंत्री डेल्सी रुदरिग्ज़ ने कहा कि उनका देश ईरान के साथ हर क्षेत्र में अधिक से अधिक संबन्ध विस्तार का इच्छुक है।