ईरान द्वारा फिर मिसाइल परीक्षण का अमरीकी दावा झूठ, रक्षा मंत्री
ईरान के रक्षा मंत्री ने कहा है कि ईरान की ओर से मिसाइल के पुनः परीक्षण का अमरीकी दावा झूठ है।
रक्षा मंत्री हुसैन देहक़ान ने अमरीका द्वारा ईरान की ओर से पुनः मिसाइल परीक्षण के दावे पर गुरुवार को प्रतिक्रिया प्रकट करते हुए बल दिया कि इस झूठे दावे का उद्देश्य, ईरान से डर फैलाना है और ईरानी राष्ट्र इस प्रकार के मनोवैज्ञानिक युद्ध, कुप्रचार और धमकियाों का उत्तर , इस्लामी क्रांति की वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को देगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ईरान ने मिसाइल का नया परीक्षण नहीं किया है और अगर परीक्षण किया भी होता तो उससे अमरीका का कोई संबंध नहीं है। इस्लामी गणतंत्र ईरान के रक्षा मंत्री ने कहा कि ईरान का मिसाइल कार्यक्रम सामान्य है और मिसाइल परीक्षण भी इस कार्यक्रम का भाग है जो रक्षा शक्ति को मज़बूत करने के लिए किया जाता है।
रक्षा मंत्री हुसैन देहक़ान ने फार्स की खाड़ी के दक्षिणी तट पर स्थित ईरान के पड़ोसी देशों से कहा है कि वह ज़ायोनी शासन के कुप्रचारों से धोखा न खाएं क्योंकि ईरान उनके लिए कभी खतरा नहीं रहा है और न होगा और अमरीकियों ने वास्तव में अपने हथियारों को बेचने के लिए मनोवैज्ञानिक व प्रचारिक युद्ध छेड़ रखा है। (Q.A.)