मुसलमानों में फूट डालना अमरीका और इस्राईल की साज़िश है, आयतुल्लाह अराकी
-
आयतुल्लाह मोहसिन अराकी
इस्लामी मत समन्वय संघ के महासचिव ने कहा है कि इस्लाम के दुश्मन और ख़ास तौर पर अमरीका व इस्राईल अपनी पूरी क्षमता इस्लामी जगत में फूट डालने में इस्तेमाल कर रहे हैं।
आयतुल्लाह मोहसिन अराकी ने भारतीय शहर हैदराबाद में शिया व सुन्नी मत के धर्मगुरुओं से मुलाक़ात में कहा कि जैसा कि पवित्र क़ुरआन और पैग़म्बरे इस्लाम के आचरण से साबित है कि आज इस्लामी समाज का यह कर्तव्य है कि वह मुसलमानों के बीच एकता लाने और दुश्मनों के सांस्कृतिक प्रभाव को रोकने के लिए कोशिश करे।
उन्होंने कहा कि इमाम ख़ुमैनी रहमतुल्लाह अलैह के नेतृत्व में इस्लामी क्रान्ति की सफलता और फिर वरिष्ठ नेता के हाथ में इस क्रान्ति का नेतृत्व इस्लामी जगत की अहम घटना है कि इस घटना से वास्तविक इस्लाम की ओर रुझान बढ़ा है।
इस्लामी मत समन्वय संघ के महासचिव ने कहा कि भारत का इस्लामी समाज और शिया व सुन्नी धर्मगुरु इस्लामी जगत में एकता के लिए बहुत बड़ा योगदान दे सकते हैं। उन्होंने इसी प्रकार रविवार की रात हैदराबाद में पैग़म्बरे इस्लाम की बेटी हज़रत फ़ातेमा ज़हरा के आचरण के बारे में आयोजित कॉन्फ़्रेंस में कहा कि इस्लामी जगत में एकता का ध्रुव पैग़म्बरे इस्लाम के पवित्र परिजन हैं और पवित्र परिजन में हज़रत फ़ातेमा ज़हरा की हैसियत पवित्रता के ध्रुव की है।
आयतुल्लाह मोहसिन अराकी पिछले मंगलवार को इस कॉन्फ़्रेंस में भाग लेने के लिए भारत गए थे। (MAQ/N)