इलाक़े के सभी देश एक दूसरे से सहयोग करें, ईरान व कुवैत
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति और कुवैत के नरेश ने क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों में इस्लामी और क्षेत्रीय देशों के मध्य एकता की ज़रूरत पर बल दिया है।
राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट पर बताया गया है कि राष्ट्रपति रूहानी ने बुधवार की रात कुवैत के नरेश सबाह अहमद जाबिर अस्सबाह से भेंट में दोनों देशों की जनता के संबंधों के इतिहास और समानताओं का उल्लेख किया और कहा कि ईरान व कुवैत के मध्य परस्पर संबंधो में विस्तार की अपार संभावनाएं मौजूद है और इन संभावनाओं को क्षेत्रीय देशों और परस्पर हितो ं की रक्षा के लिए प्रयोग किया जा सकता है।
राष्ट्रपति रूहानी ने क्षेत्रीय समस्याओं विशेषकर आतंकवाद का ज़िक्र करते हुए कहा कि आतंकवाद जैसी बड़ी समस्याएं सब की हैं और सामूहिक हैं इस लिए इस से मुक़ाबले का एकमात्र मार्ग यह है कि इलाक़े के सभी देश एक दूसरे के साथ खड़े हों।
इस भेंट में कुवैत के नरेश ने कहा कि क्षेत्र के मौजूदा हालात एेसी हैं कि हमारे लिए एक दूसरे के साथ संबंध बनाए रखना बेहद ज़रूरी है और इसी लिए हम सभी क्षेत्रों में ईरान के साथ संबंध विस्तार का संकल्प रखते हैं।
कुवैत के नरेश सबाह अहमद जाबिर अस्सबाह ने ईरान व कुवैत के अच्छे संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि कुवैत विभिन्न क्षेत्रों में ईरान के साथ संबंध विस्तार के लिए पूरी तरह से तैयार है।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डॅाक्टर हसन रूहानी एक दिवसीय यात्रा पर बुधवार को ओमान और कुवैत गये थे।
देर रात वह कुवैत से वापस तेहरान पहुंच गये। (Q.A.)