इस्राईल के परमाणु भंडार, पूरी दुनिया की सुरक्षा के लिए ख़तरा है
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i36634-इस्राईल_के_परमाणु_भंडार_पूरी_दुनिया_की_सुरक्षा_के_लिए_ख़तरा_है
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने ज़ायोनी शासन के परमाणु शस्त्रागारों को पूरी दुनिया की शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर ख़तरा बताया है।
(last modified 2023-11-29T05:45:15+00:00 )
Feb १६, २०१७ १५:१२ Asia/Kolkata
  • इस्राईल के परमाणु भंडार, पूरी दुनिया की सुरक्षा के लिए ख़तरा है

ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने ज़ायोनी शासन के परमाणु शस्त्रागारों को पूरी दुनिया की शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर ख़तरा बताया है।

उन्होंने गुरुवार को अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री बिन यामीन नेतनयाहू के ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम के बारे में निराधार दावों की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस्राईल के अपने परमाणु शस्त्रागारों में सैकड़ों परमाणु वार हेड्स हैं और वह मध्यपूर्व और दुनिया में शांति व सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा ख़तरा समझा जाता है।

बहराम क़ासेमी ने कहा कि निराधार दावे उस शासन की ओर से दोहराए जाते हैं जो किसी भी अंतर्राष्ट्रीय क़ानून और नियम को स्वीकार नहीं करता और फ़िलिस्तीन की निहत्थी जनता और अन्य पड़ोसियों के विरुद्ध अमानवीय कार्यवाहियों और अथाह अपराधों से इस शासन की फ़ाइल भरी हुई है जिसे संयुक्त राष्ट्र संघ की विभिन्न रिपोर्टों में पेश किया गया है।

ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि वाशिंग्टन में संयुक्त पत्रकार सम्मेलन में डोनल्ड ट्रंप और नितेनयाहू के बयान में कोई नयी चीज़ नहीं थी बल्कि ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम के बारे में वही सब घिसे पिटे निराधार दावों को ही पेश किया गया है।

विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान के विरुद्ध दावे एेसी हालत में दोहराए गये हैं कि अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा संस्था ने अपनी विभिन्न रिपोर्टों में ईरान के परमाणु कार्यक्रम के शांतिपूर्ण होने की पुष्टि की है। (AK)