कनाडा की अदालत का फ़ैसला अस्वीकार्य है
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान के विरुद्ध एंटारियो अदालत का हालिया फ़ैसला, सरकारों और उनकी संपत्ति के अदालती संरक्षण के संबंध में अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों से विरोधाभास रखता है और यह फ़ैसला अस्वीकार्य है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी ने कहा कि खेद की बात यह है कि कनाडा की अदालत का फ़ैसला, अंतर्राष्ट्रीय नियमों पर ध्यान दिए बिना सुनाया गया है जिसे ईरान अस्वीकार करता है।
बहराम क़ासिमी ने इसी प्रकार कहा कि ईरान ने इससे पहले इस संंबंध में अपनी आधिकारिक आपत्ति कनाडा सरकार के संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दी थी और इस संबंध में राजनैतिक और क़ानूनी कार्यवाही करने का ईरान का अधिकार सुरक्षित है।
ज्ञात रहे कि कनाडा की एक अदालत ने शनिवार को शत्रुतापूर्ण कार्यवाही करते हुए ईरान पर उन याचिकाकर्ताओं के अदालती ख़र्चों की भरपाई करने के लिए 3 लाख डाॅलर का हर्जाना देने का आदेश दिया है जिन्होंने ईरान पर आतंकवाद के समर्थन का आरोप लगाया था। (AK)