आतंकवाद से मुक़ाबले के लिए सहयोग पर ज़रीफ़ और अज़ीज़ का बल
ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ और पाकिस्तानी प्रधान मंत्री के विदेश मामलों में सलाहकार सरताज अज़ीज़ ने दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग के विस्तार पर बल दिया है।
मंगलवार की शाम तेहरान में ज़रीफ़ और अज़ीज़ ने एक संयुक्त बैठक में बिजली, ऊर्जा, बैंकिंग और कस्टम समेत अन्य आर्थिक एवं व्यापारिक क्षेत्रों में जारी द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की।
ज़रीफ़ ने ईरानी राष्ट्रपति के हालिया पाकिस्तान दौरे की ओर संकेत करते हुए कहा कि क्षेत्रीय देशों को विचारों के आदान प्रदान और संयुक्त समझ में विस्तार की ज़रूरत है, ताकि आपस में कोई ग़लत फ़हमी न हो सके और मौजूदा ग़लत फ़हमियां दूर हो जाएं।
पाकिस्तानी प्रधान मंत्री के विदेश मामलों में सलाहकार सरताज अज़ीज़ ने तेहरान की अपनी यात्रा पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में क्षेत्रीय देशों के साथ खड़ा है और इस्लामाबाद आतंकवादियों के ख़िलाफ़ अभियान चला रहा है।
अज़ीज़ ने आतंकवाद से मुक़ाबले के लिए क्षेत्रीय देशों के बीच सहयोग पर बल दिया।
पाकिस्तानी प्रधान मंत्री के विदेश मामलों में सलाहकार सरताज अज़ीज़ ईरान के उच्च अधिकारियों के साथ द्विपक्षी मामलों में विचार विमर्श के लिए तेहरान की यात्रा पर हैं। msm