दमिश्क़, तेल अवीव को अवसर से ग़लत लाभ नहीं उठाने देगाः ईरान
ईरान ने कहा है कि सीरिया, ज़ायोनी शासन को राजनैतिक वार्ता के अवसर से ग़लत लाभ उठाने नहीं देगा।
अंतर्राष्ट्रीय मामलों में ईरान की संसद मजलिसे शूराए इस्लामी के सभापति के विशेष प्रतिनिधि अमीर अब्दुल्लाहियान ने सीरिया पर ज़ायोनी शासन के युद्धक विमानों के हमले की ओर संकेत करते हुए कहा कि तकफ़ीरी आतंकवाद और ज़ायोनी आतंकवाद के बीच गहरा रिश्ता है और दमिश्क़, इस्राईल को जेनेवा व आस्ताना की राजनैतिक वार्ता से ग़लत लाभ उठाने नहीं देगा। उन्होंने कहा कि सीरिया पर इस्राईली विमानों के हमले और अमरीका की ओर से आतंकियों का समर्थन जारी रहने से पता चलता है कि तकफ़ीरी आतंकवाद और ज़ायोनी आतंकवाद के बीच गहरा रिश्ता है।
अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा कि सीरिया की सरकार, ज़ायोनी शासन को कभी भी इस बात की अनुमति नहीं देगी कि वह जेनेवा व आस्ताना की राजनैतिक वार्ता से लाभ उठा कर क्षेत्र में अपने गुप्त लक्ष्यों को प्राप्त कर ले। उन्होंने कहा कि दाइश और नुस्रा फ़्रंट जैसे आतंकी गुट, क्षेत्र में ज़ायोनियों के किराए के टट्टू हैं जो इस्लाम का नाम चुरा कर अमरीका व इस्राईल की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने इसी के साथ एक बार फिर बल देकर कहा कि तेहरान पूरी शक्ति के साथ सीरिया की जनता और सरकार का समर्थन जारी रखेगा। (HN)