ईरान में प्रत्याशियों के मध्य चुनावी बहस व चर्चा आरंभ!
ईरान के राष्ट्रपति चुनाव के 6 प्रत्याशियों के मध्य बहस व चर्चा का पहला चरण, शुक्रवार की शाम आईआरआईबी में आयोजित हुआ।
ईरान में बारहवें राष्ट्रपति चुनाव के 6 प्रत्याशियों, डॅाक्टर हसन रूहानी, इब्राहीम रईसी सादात, मुस्तफा आक़ा मीर सलीम, मुहम्मद बाक़िर क़ालीबाफ़, मुस्तफ़ा हाशमी तबा और इस्हाक़ जहांगीरी ने पहली चुनावी बहस में सामाजिक विषय पर अपने कार्यक्रम और दृष्टिकोणों को पेश किया।

तीन प्रत्याशियों ने बहस शुरु होने से पहले चर्चा के विषय के बारे में अपने-अपने दृष्टिकोण पेश किये।
राष्ट्रपति चुनाव के एक प्रत्याशी इब्राहीम रईसी बहस में हिस्सा लेने के लिए आईआरआईबी में आगमन के बाद कहा कि सामाजिक समस्याओं पर ध्यान देना उनकी प्राथमिकता है क्योंकि जनता के लिए यह महत्वपूर्ण है।

एक अन्य प्रत्याशी मुहम्मद बाक़िर क़ालीबाफ़ ने भी संवाददाताओं से वार्ता करते हुए कहा कि सामाजिक समस्याएं, समाज का सब से महत्वपूर्ण विषय है।
एक अन्य प्रत्याशी सैयद मुस्तफा हाशमी तबा ने भी पत्रकारों से वार्ता में कहा कि सामाजिक समस्याएं, राजनीतिक , आर्थिक व सांस्कृतिक समस्याओं का परिणाम होती हैं।
ईरान में 12वां राष्ट्रपति चुनाव 19 मई 2017 को आयोजित होगा। (Q.A.)