अकेले पड़े क़तर के विमानों के लिए ईरान ने खोली वायु सीमा
ईरान ने क़तर एयरवेज़ के विमानों के लिए अपनी वायु सीमा खोल दी है। ईरान के उड्डयन विभाग के अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट आई है कि क़तर एयरवेज़ की सभी उड़ानें ईरान की वायु सीमा से गुज़रेंगी।
सऊदी अरब, संयुक्त अरब इमारात, बहरैन, लीबिया और मिस्र सहित कई देशों ने क़तर से अपने कूटनैतिक संबंध तोड़ लिए हैं तथा क़तर से वायु, ज़मीन और समुद्री संपर्क भी समाप्त कर दिया है।
मेहर न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार ईरान के अधिकारी ने कहा कि क़तर एयरवेज़ के लिए कुछ अरब देशों ने अपनी वायु सीमाएं बंद कर ली हैं, अब क़तर एयरवेज़ के लिए ईरान की वायु सीमा का ही एक रास्ता बचता है। अधिकारी ने बताया कि इससे पहले क़तर से उत्तरी अफ़्रीक़ा और दक्षिणी यूरोप जाने वाले क़तर एयरवेज़ के विमान सऊदी अरब और मिस्र की वायु सीमा से गुज़रते थे लेकिन इन देशों की ओर से क़तर के लिए अपनी वायु सीमा बंद कर लिए जाने के बाद अब क़तर के विमान ईरान, इराक़ और जार्डन की वायु सीमा से गुज़रकर उत्तरी अफ़्रीक़ा जा रहे हैं। अधिकारी के अनुसार क़तर एयरवेज़ की मध्य यूरोप, उत्तरी यूरोप और उत्तरी एटलांटिक की ओर जाने वाली उड़ानें बहरैन, कुवैत, इराक़ और तुर्की से गुज़रती थीं लेकिन बहरैन ने चूंकि अपनी वायु सीमा क़तर के लिए बंद कर ली है अतः अब यह विमान ईरान से गुज़रकर तुर्की और फिर आगे की ओर जा रहे हैं।
अधिकारी ने बताया कि ईरान की वायु सीमा से प्रतिदिन 955 उड़ानें गुज़रती हैं और क़तर का संकट उत्पन्न हो जाने के बा अब इन उड़ानों की संख्या में 200 की वृद्धि हो जाएगी।