ईरान की प्रतिरक्षा अब भौगोलिक सीमाओं में सीमित नहीं रहेगीः सेना
ईरान की सेना ने कहा है कि सीरिया में आतंकी गुट दाइश पर होने वाला मीज़ाइल हमला उन लोगों के लिए करारा जवाब है जो क्षेत्र में आग भड़काना चाहते हैं।
ईरान की सेना के डिप्टी कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अहमद रज़ा पूरदस्तान ने सोमवार को सीरिया के दैरुज़्ज़ूर में दाइश के ठिकानों पर आईआरजीसी के मीज़ाइल हमले के बारे में कहा कि ईरान की रक्षा अब केवल देश की भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं है और जहां भी ख़तरा होगा ईरानी बल वहीं मैदान में पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया को यह जान लेना चाहिए कि ईरान के सैन्य बल अपने देश की प्रतिष्ठा और मान्यताओं की रक्षा के लिए धमकियों का कड़ा जवाब देने को तैयार हैं।
इस बीच ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि ईरान की मीज़ाइल क्षमता, देश के नागिरकों की रक्षा के लिए और पूरी तरह से क़ानूनी है। मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने सोमवार को ट्वीट करके कहा कि ईरान की मीज़ाइल क्षमता, देश के नागरिकों की क़ानूनी रक्षा और दाइश जैसे आतंकी गुट और इसी तरह चरमपंथी आतंकवाद के ख़िलाफ़ वैश्विक संघर्ष दोनों को एक साथ आगे बढ़ा रही है।
उधर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि दाइश के ठिकानों पर ईरान का मीज़ाइल हमला, सीरियाई सरकार के साथ पूरे समन्वय से हुआ है। बहराम क़ासेमी ने कहा कि तेहरान ने आतंकी, तकफ़ीरी व वहाबी गुटों से संघर्ष की अपनी सैद्धांति व अटल नीति के अंतर्गत दैरुज़्ज़ूर में आतंकी गुटों के ढांचे पर विध्वंसक वार किया है। (HN)