इटली, ईरान से संबंध विस्तार का इच्छुक हैः इतालवी विदेशमंत्री
इटली के विदेशमंत्री ने बुधवार को ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ से मुलाक़ात में ईरान के साथ संबंधों के विस्तार पर बल दिया है।
इटली के विदेशमंत्री एंग्लीनो अलफ़ानो ने रोम में ईरानी विदेशमंत्री से मुलाक़ात में परमाणु समझौते को क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्थिरता का कारण बताया और जेसीपीओए के समर्थन पर बल दिया। इटली के विदेशमंत्री ने तेहरान के हालिया आतंकी हमले की ओर संकेत करते हुए आतंकवाद और चरमपंथ से मुक़ाबले की आवश्यकता पर बल दिया।
इस मुलाक़ात में ईरान के विदेशमंत्री ने इसी प्रकार बल दिया कि इटली मध्यपूर्व के क्षेत्र में तनाव कम करने में अपनी क्षमताओं का प्रयोग कर सकता है। उनका कहना था कि अमरीका द्वारा सीरिया पर निराधार बहानों से किसी भी प्रकार का संभावित हमला, क्षेत्र में आतंकवादी गुट दाइश की मज़बूती का कारण बनेगा।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने इसी प्रकार इटली के विदेशमंत्री से मुलाक़ात से पहले इटली के प्रधानमंत्री पाउलो जेन्टेलोनी और संसद सभापति लायोरा ब्लडरीनी से भी मुलाक़ात की थी। विदेशमंत्री इटली के अधिकारियों से मुलाक़ात के लिए जर्मनी की राजधानी बर्लिन से बुधवार की सुबह रोम पहुंचे और उन्होंन बुधवार की सुबह यूरोपियन काउंसिल आन फ़ारेन रिलेशंस एसीएफ़आर की बैठक में भाग लिया। (AK)