इराक़ की सुरक्षा, ईरान की सुरक्षा हैः रक्षा मंत्री दहक़ान
ईरान के रक्षा मंत्री ने कहा है कि इराक़ की सुरक्षा, ईरान की सुरक्षा है।
ब्रिगेडियर जनरल हुसैन दहक़ान ने शनिवार को इराक़ के रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर इरफ़ान अलहियाली से मुलाक़ात में कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, इराक़ की सरकार और राष्ट्र के साथ अपना सहयोग और उसका समर्थन जारी रखेगा और एक सुरक्षित, मज़बूत व स्थिर इराक़ की स्थापना के लिए अपनी सभी राजनैतिक, आर्थिक व सामरिक संभावनाओं का इस्तेमाल करेगा। उन्होंने इराक़ की अखंडता को इराक़ की सभी जातियों की सुरक्षा व स्थिरता और उनके हितों की रक्षा का कारण बताया और कहा कि ईरान, इराक़ में रुढ़िवादी कार्यवाहियों का समर्थन नहीं करता। रक्षा मंत्री दहक़ान ने इसी तरह क्षेत्र में अशांति फैलाने हेतु कुछ देशों की ओर से अमरीका व ज़ायोनी शाासन के साथ किए जा रहे सहयोग की ओर संकेत करते हुए कहा कि आतंकवाद और उसके समर्थकों के ख़िलाफ़ एक क्षेत्रीय व वैश्विक सहमति बननी चाहिए ताकि इसे जड़ से समाप्त किया जा सके।
इस मुलाक़ात मेें इराक़ के रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर इरफ़ान अलहियाली ने आतंकवाद से संघर्ष में ईरान की सरकार, जनता और सेना की ओर से किए जाने वाले भरपूर समर्थन का आभार प्रकट करते हुए इस समर्थन को दाइश के मुक़ाबले में इराक़ी राष्ट्र की विजय में निर्णायक बताया और कहा कि इराक़ अतीत के अनुभवों के सहारे एक उज्जवल भविष्य की चेष्टा में है। उन्होंने दोनों देशों के बीच सामरिक सहयोग को पहले से अधिक विस्तृत करने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। ज्ञात रहे कि इराक़ के रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर इरफ़ान अलहियाली ईरान के रक्षा मंत्री के निमंत्रण पर एक उच्च स्तरीय रक्षा शिष्ट मंडल के साथ शनिवार को तेहरान पहुंचे हैं। (HN)